पटना। लोकसभा चुनाव के बाद अब एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्षी दलों के नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, जनता ने तय कर लिया है कि डबल इंजन की सरकार से ही बिहार का विकास हो सकता है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA बिहार में चुनाव लड़ेगी। इससे पहले भी एनडीए के कई नेताओं ने नीतीश कुमार के चेहरे पर विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही थी।
पढ़ें :- UPPSC APS 2023 : यूपीपीएससी ने अपर निजी सचिव की भर्ती रद्द की, 331 पदों के लिए एक भी अभ्यर्थी नहीं मिला योग्य
वहीं, अब केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, इस बार भी विपक्ष ने लोकसभा चुनाव में कई दावे किए थे कि खाता नहीं खुलेगा और तमाम तरह की बाते। हकीकत में परिणाम क्या हुआ? हमलोग अधिकांश सीट बिहार में जीत गए। मेरी पार्टी ने 5 की 5 सीट जीती है। जनता ने तय कर लिया है कि डबल इंजन की सरकार से ही बिहार का विकास हो सकता है।
इसके साथ ही चिराग पासवान ने भी कहा कि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA बिहार में चुनाव लड़ेगी। साथ ही JDU द्वारा बिहार के लिए विशेष राज्य की दर्जे की मांग पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा, ये मांग हम लोगों की रही है। कौन सा ऐसा दल है जो बिहार से आता है और वो विशेष राज्य के दर्जे की मांग नहीं करता हो? हम खुद इसके पक्षधर हैं। ये दबाव की राजनीति नहीं है।