लखनऊ। नीट यूजी 2026 परीक्षा (NEET UG 2026 Exam) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यूपी की योगी सरकार (Yogi Government) ने बड़ी राहत दी है। योगी सरकार (Yogi Government) के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने 20 और 21 जून को परीक्षार्थियों के लिए रोडवेज बसों के किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने की व्यवस्था लागू की है। इस संबंध में निगम ने सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
पढ़ें :- NEET-UG 2026 OMR Sheets में कथित गड़बड़ी को लेकर छह अभ्यर्थी पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, काउंसिलिंग से पहले सुनवाई की मांग
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह (Prabhu N. Singh, Managing Director of the Transport Corporation) ने बताया कि छूट का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना नीट यूजी 2026 का प्रवेश पत्र दिखाना होगा। परिचालक प्रवेश पत्र का सत्यापन करने के बाद इलेक्ट्रॉनिक टिकट इश्यूइंग मशीन (ETIM) के माध्यम से रियायती दर पर टिकट जारी करेंगे। अभ्यर्थियों को चाइल्ड टिकट श्रेणी में टिकट उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि परिचालकों को प्रत्येक अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र की एक प्रति सुरक्षित रखनी होगी। साथ ही वेबिल के पिछले हिस्से में अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर, यात्रा मार्ग और टिकट राशि समेत अन्य आवश्यक विवरण भी दर्ज करने होंगे, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जा सके।
निगम ने यह भी निर्देश दिए है कि यदि किसी कारणवश ईटीआईएम मशीन से रियायती टिकट जारी नहीं हो पाता है तो डिपो प्रभारी या केंद्र प्रभारी की अनुमति लेकर मैनुअल टिकट जारी किया जा सकेगा। ऐसी स्थिति में परिचालक ब्लैंक टिकट बुक का उपयोग करेंगे और यात्रा से जुड़ी सभी जानकारियां मार्ग पत्र में दर्ज करेंगे।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह (Minister of State (Independent Charge) for Transport Dayashankar Singh) ने बताया कि नीट यूजी 2026 परीक्षा (NEET UG 2026 Exam) 21 जून को आयोजित होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 20 और 21 जून को प्रदेश भर में रोडवेज बसों में आधे किराए पर यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिससे दूरदराज क्षेत्रों से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।