लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को लखनऊ में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। इस बैठक को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं समाजवादी पार्टी को समाप्तवादी पार्टी कहता हूं। उन्होंने कहा कि, अगर सपा का अपराधियों, माफियाओं से रिश्ता खत्म हो जाएगा तो वो अपने आप ही समाप्त हो जाएगी।
पढ़ें :- जब हम भारत और फ्रांस की बात करते हैं तो हमारा रिश्ता इनोवेशन के साथ-साथ trust और shared values का भी है: पीएम मोदी
उन्होंने आगे कहा कि, इन्होंने लोकसभा के चुनाव में बहुत बड़ा झूठ बोला। इन्होंने संविधान को खत्म करने का झूठ बोला लेकिन इन्हें मालूम नहीं कि हम लोग संविधान को मजबूत करने वाले लोग हैं। अखिलेश यादव खुद संविधान को खत्म करने वाले कांग्रेस के साथ चले गए, जिन्होंने आपताकाल लगाया।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने कहा कि, ये लोग 99 पर अटक गए लेकिन भाजपा अकेले दम पर 240 सीटों पर जीत दर्ज की। उन्होंने आगे कहा कि, हमे और खुशी होती जब हम 272 से ज्यादा सीटें जीतते लेकिन पिछड़ा और दलित समाज मोदी जी का साथ कभी नहीं छोड़ेगा।
केशव मौर्य ने आगे कहा कि, सरकार के बल पर चुनाव नहीं जीता जाता। पार्टी के दम पर ही चुनाव जीता जाता है। अति आत्मविश्वास से हारे। मीडिया में जो चलता है उससे अलग होता है। समाज और सरकार एक दूसरे के पूरक हैं। सरकार और संगठन दोनों मिलकर ही सरकार चलाते हैं।