Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. BJP के लोग कभी नेहरू जी की ऊंचाई नहीं छू सकते, नीचे हैं-नीचे ही रहिए…राज्यसभा में बोले खरगे

BJP के लोग कभी नेहरू जी की ऊंचाई नहीं छू सकते, नीचे हैं-नीचे ही रहिए…राज्यसभा में बोले खरगे

By शिव मौर्या 
Updated Date

नई दिल्ली। राज्यसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कांग्रेस आध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, आज 1 डॉलर की कीमत 90 रुपए पहुंच गई है। जब देश के सामने आर्थिक चुनौतियां खड़ी है, तब ‘वंदे मातरम्’ को लेकर राजनीतिक बहस करना केवल ध्यान भटकाने का प्रयास है। असली देशभक्ति वही है, जो रुपए की गिरती कीमत और आम जनता की परेशानियों जैसी समस्याओं का समाधान ढूंढे ना कि केवल भाषणों तक सीमित रहे।

पढ़ें :- भाजपा के लिए NATION FIRST नहीं, DONATION FIRST है...अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

आज के प्रधानमंत्री, पहले कहा करते थे- “देश जानना चाहता है, क्या कारण है कि रुपया गिरता ही चला जा रहा है? यह सिर्फ आर्थिक कारणों से नहीं हुआ, ये सरकार की भ्रष्ट राजनीति के कारण है, जो दिल्ली से चली है। ऐसे में सवाल है- क्या आप भी भ्रष्ट हैं? क्योंकि आप तो बोलते हैं- हम बहुत पाक हैं, स्वच्छ हैं… तो आज जिस तरह रुपए की कीमत घट रही है, उसका क्या?

खरगे ने कहा कि, RSS-BJP का गीत अलग है और कांग्रेस का गीत ‘वंदे मातरम्’ है। RSS-BJP का झंडा अलग है और कांग्रेस का झंडा ‘तिरंगा’ है। RSS-BJP की किताब मनुस्मृति है और कांग्रेस की किताब ‘संविधान’ है। उन्होंने आगे कहा, BJP और नरेंद्र मोदी को कांग्रेस की बुराई करने की आदत पड़ चुकी है। वहीं, BJP के लोग नेहरू जी की छवि खराब करना चाहते हैं, जो नामुमकिन है। आप लोग कभी नेहरू जी की ऊंचाई नहीं छू सकते। आप लोग नीचे हैं- नीचे ही रहिए।

उन्होंने आगे कहा, मैं सदन को याद दिलाना चाहूंगा कि हिंदू महासभा और RSS ने ‘स्वतंत्रता संग्राम’ में भाग नहीं लिया था। यही नहीं, इन्होंने भारत के संविधान की प्रतियां भी जला दी थीं। उन्हें आपत्ति थी कि बाबा साहेब ने जो संविधान बनाया था, वह मनुस्मृति पर आधारित नहीं था, इसलिए RSS के लोगों ने उसे मान्यता नहीं दी। यही नहीं, RSS ने महात्मा गांधी जी, पंडित नेहरू जी और अंबेडकर जी के पुतले रामलीला मैदान में जलाया। यही RSS-BJP का इतिहास है।

साथ ही कहा, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने बार-बार दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर करवाया। वहीं, अमेरिका ने हमारे व्यापारियों को टैरिफ लगाकर बर्बाद कर दिया है। हमारे विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारी भारी संकट में हैं। अमेरिका के दबाव डालते ही, मोदी सरकार ने रूस से तेल मंगवाना भी कम कर दिया। मोदी सरकार ने कभी भी आम जनता को फायदा पहुंचाने का कोई काम नहीं किया है।

पढ़ें :- अखिलेश यादव पर बरसे बीजेपी सांसद रवि किशन, बोले-जो समाज के लिए खतरा बनेगा, उसका होगा एनकाउंटर

देश आर्थिक संकट, बेरोजगारी और कई सामाजिक मुद्दों से जूझ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री ने सदन में इसपर चर्चा नहीं की। उनका ध्यान सिर्फ चुनावी प्रचार पर रहता है। प्रधानमंत्री ने सदन में ‘वंदे मातरम्’ पर चर्चा सिर्फ इसलिए रखी है, क्योंकि बंगाल में चुनाव हैं। लेकिन PM मोदी इस गलतफहमी में न रहें कि वे रवींद्ननाथ टैगोर जी पर हमला करके असली मुद्दों से लोगों का ध्यान भटका सकेंगे। भारत माता को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब सदन में जनता के मुद्दों और उनके समाधानों पर चर्चा हो।

 

Advertisement