गंगटोक,(सिक्किम): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार थम चुका है, लेकिन सियासी संदेशों का दौर अभी भी जारी है। भारतीय जनता पार्टी के सबसे बड़े चेहरे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंच चुके हैं। मंगलवार सुबह गंगटोक में पीएम मोदी युवाओं के बीच बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए।प्रधानमंत्री मोदी फुटबॉल मैदान में उतरे और युवाओं के साथ फुटबॉल खेलते दिखाई दिए। उन्होंने खुद इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि सिक्किम में अपने युवा मित्रों के साथ गंगटोक की सुहानी सुबह में फुटबॉल खेलने जैसा कुछ नहीं।
पढ़ें :- बंगाल में योगी बोले- "4 मई को TMC के गुंडे सड़कों पर पंक्चर बनाते नजर आएंगे"
तस्वीरों में पीएम मोदी खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेलते, गोल करते और उसका जश्न मनाते नजर आए। उनकी यह शैली सिर्फ खेल तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे पश्चिम बंगाल की राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, सिक्किम के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में भी फुटबॉल बेहद लोकप्रिय खेल है। खासकर कोलकाता भारत में क्लब फुटबॉल का बड़ा केंद्र माना जाता है। गांव-गांव तक फुटबॉल क्लबों की मौजूदगी इस खेल के प्रति लोगों के जुनून को दिखाती है। फुटबॉल वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के दौरान यहां सड़कों पर ट्रैफिक तक धीमा पड़ जाता है।
ऐसे में चुनाव प्रचार खत्म होने के तुरंत बाद पीएम मोदी का फुटबॉल मैदान में उतरना और उसकी तस्वीरें साझा करना, राजनीतिक संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह बंगाल के युवाओं और खेल प्रेमियों से जुड़ने की एक रणनीतिक कोशिश हो सकती है। अपने सिक्किम दौरे के पहले दिन सोमवार को पीएम मोदी ने गंगटोक में मेगा रोड शो भी किया, जहां उनकी एक झलक पाने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग सड़क के दोनों ओर खड़े नजर आए। प्रधानमंत्री सिक्किम के भारत में विलय के 51 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस दौरान वे करीब 4 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।