रायबरेली। लोकप्रिय लोक गायक प्रदीप मौर्य ने रायबरेली स्थित आवास पर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण भेंट के दौरान अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान लोक गायक ने अमेठी क्षेत्र की जनता को पेश आ रही दो प्रमुख और गंभीर समस्याओं से दोनों दिग्गज नेताओं को अवगत कराया और उनके त्वरित समाधान की मांग की।
पढ़ें :- ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना पर राहुल गांधी का सवाल उठाना मातृशक्ति का अपमान : दिनेश प्रताप सिंह
लोक गायक प्रदीप मौर्य ने राहुल गांधी और सांसद किशोरी लाल शर्मा को बताया कि, अमेठी एक स्वतंत्र जिला बन चुका है, लेकिन इसके बावजूद यहां के वादकारियों और आम नागरिकों को अपने मुकदमों की पैरवी के लिए पड़ोसी जिलों सुलतानपुर और रायबरेली के चक्कर काटने पड़ते हैं। इस लंबी और खर्चीली प्रक्रिया से जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग उठाई कि अमेठी के मुकदमें अन्य जिलों में भेजने के बजाय सीधे जिला एवं सत्र न्यायालय अमेठी में ही सुने जाने की व्यवस्था जल्द से जल्द लागू की जाए।
प्रदीप मौर्य ने बताया कि, दूसरी मुख्य समस्या क्षेत्र के आवागमन से जुड़ी हुई है। तहसील तिलोई के लोगों को अपने ही जिले और तहसील मुख्यालय आने-जाने के लिए ऐधी और मोहनगंज-इन दो अलग-अलग टोल प्लाजा से गुजरना पड़ता है, जिससे रोजमर्रा सफर करने वाले नागरिकों और किसानों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रदीप मौर्य ने आग्रह किया कि तिलोई के स्थानीय निवासियों को इन दोनों टोल प्लाजा से गुजरने पर या तो पूरी छूट दी जाए या फिर कोई उचित वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाए।
मुलाकात के दौरान मौजूद सांसद राहुल गांधी और अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने दोनों मुद्दों को पूरी गंभीरता से सुना और इस दिशा में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों के उठाए जाने के बाद से अमेठी के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं।
पढ़ें :- DISHA Meeting : राहुल गांधी ने जेब से फोन निकाल बदहाल सड़कों की दिखाई तस्वीर तो योगी के मंत्री हुए हक्का-बक्का, अधिकारियों के पास नहीं था कोई जवाब