अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की राशि गबन मामले को लेकर एसआईटी की जांच जारी है। एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट आने के बाद गुरुवार को मामले में एफआईआर दर्ज की गयी और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन सबके बीच श्री राम मंदिर तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि, विश्व हिंदू परिषद (VHP) के निर्देश पर चंपत राय ने इस्तीफा दिया है।
पढ़ें :- Ram Mandir Donation Theft : आप सांसद संजय सिंह ने पूछा- चढ़ावे में चोरी करने वाले मोदी के क़रीबी चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल राव कब जेल जायेंगे?
चंपत राय की भूमिका पर उठ रहे थे सवाल
बता दें कि, चंपत राय की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे थे। विपक्ष के नेताओं की भी मांग थी कि चंपत राय को ट्रस्ट से हटाया जाए। इसके साथ ही, उनकी भूमिका की जांच की जाए। लगातार उठ रहे सवालों के बीच VHP के निर्देश पर चंपत राय ने इस्तीफा दे दिया है। वहीं, ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने भी इस्तीफा दे दिया है।
कल दर्ज हुई थी एफआईआर
एसआईटी की रिपोर्ट के बाद गुरुवार को राम मंदिर चढ़ाव चोरी मामले में एफआईआर दर्ज की गयी थी। इसमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के ड्राइवर रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, ट्रस्ट के पदाधिकारी अनिल मिश्रा के रिश्तेदार अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा के अलावा गणना कर्मी मनीष यादव, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्र व गणना इंचार्ज सुभाष श्रीवास्तव और कई अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुई थी। इसके बाद अब पुलिस ने टिन्नू समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसआईटी ने सौंपी थी यूपी सरकार को जांच रिपोर्ट
वहीं, इस मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम ने बीते दिनों यूपी सरकार को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपी थी। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई थी। इसमें ट्रस्ट में बड़े बदलाव समेत अन्य बातों का जिक्र किया गया था। वहीं, अब चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, अभी एसआईटी इस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।