अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार सुबह आठ आरोपियों के घर पुलिस ने एक साथ दबिश दी। इस दौरान उनके घरवालों से पूछताछ की गई और पड़ोसियों से भी इनके बारे में जानकारी जुटाई गई। बताया जा रहा है कि, पुलिस की टीम ने सभी आरोपियों के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। वहीं, इस मामले में अभी एसआईटी की भी जांच चल रही है। एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद अनुकल्प मिश्रा, अवनीश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, मनीष यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी थी।
पढ़ें :- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चंपत राय और अनिल मिश्रा ने ट्रस्ट से दिया इस्तीफा, एसआईटी कर रही है जांच
जांच के दौरान स्थानीय लोगों को भी अपने बयान और साक्ष्य पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के घरों के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि जांच में किसी प्रकार का व्यवधान न हो और अनधिकृत लोगों का प्रवेश रोका जा सके।
इसी क्रम में कौशलपुरी फेस-एक में आरोपी अविनाश शुक्ला के किराये के मकान पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। जांच के दौरान मकान के प्रवेश मार्ग पर ताला लगाकर क्षेत्र को पुलिस निगरानी में ले लिया गया। पुलिस मौके पर जांच-पड़ताल में जुटी है। मामले में अब तक सात आरोपियों से करीब 79 लाख रुपये की बरामदगी हो चुकी है। इनमें सबसे अधिक करीब 20 लाख रुपये अविनाश शुक्ला के पास से बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी आरोपियों के आवासों पर साक्ष्य जुटाने और मामले की गहन जांच कर रही है।
चंपत राय और अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में लगातार सवाल उठ रहे हैं। चंपत राय और अनिल मिश्रा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, एफआईआर में इनका नाम शामिल नहीं है। विपक्ष का आरोप है कि, बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।