रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। दिल्ली-एनसीआर से उत्तराखंड घूमने जा रहे सात लोगों की कार स्वार-टांडा रोड पर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पढ़ें :- Video- कानपुर में बीच सड़क पुलिसकर्मी और वकील में चले लात-घूंसे, अखिलेश बोले- उप्र की फ़िल्म सिटी में शूटिंग शुरू हो गई क्या?
सुबह 5 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, यह हादसा टांडा थाना क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लंबी यात्रा के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
तीन ने मौके पर तोड़ा दम, एक की अस्पताल में मौत
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक घायल ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी तीन घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पढ़ें :- दतिया में उग्र प्रदर्शन के बाद धारा 163 लागू, नरोत्तम मिश्रा का आया बयान
कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रामपुर के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में चालक को नींद आने की वजह से हादसा होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
परिवारों में पसरा मातम
पढ़ें :- Video-11 हजार वोल्ट की लाइन पर लोहे की रॉड से मासूम पंतग छुड़ा रहा था, पोते को तड़पते देख बचाने दौड़े दादा की जिंदा जलकर मौत
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। सभी लोग छुट्टियां मनाने उत्तराखंड जा रहे थे, लेकिन सफर शुरू होने के कुछ घंटों बाद ही यह दर्दनाक हादसा उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया।