गुजरात, अहमदाबाद। अहमदाबाद शहर की पुलिस ने निकोल इलाके से सामने आए ₹1.66 करोड़ की हाई-प्रोफाइल ज्वेलरी चोरी मामले में बड़ा खुलासा किया है। सेल्सगर्ल हर्षिदा शेट्टी जिसने आभूषण ज्वैलर्स शोरूम से करीब सवा किलो सोने की चोरी की थी उसके साथ—साथ पुलिस ने अब उसके मास्टरमाइंड प्रेमी मयूर माली को भी सलाखों के पीछे डाल दिया है। फिलहाल, दोनों आरोपी अभी जेल में हैं लेकिन पुलिस के लिए अब भी करोड़ों रुपये का सोना बरामद करना सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। यह पूरी घटना किसी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म की तरह है जिसमें प्यार, लालच, साजिश और आखिर में एक बड़ा धोखा भी शामिल है।
पढ़ें :- डिजिटल दुनिया में मचा हड़कंप! Apple ने ब्लॉक किए $2.22 Billion के फर्जी ट्रांजैक्शन
यूनिफॉर्म में छिपाकर उड़ाया सवा किलो सोना
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी महिला हर्षिदा शेट्टी मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली है और पिछले 11 महीनों से निकोल के शोरूम में सेल्सगर्ल के रूप में काम कर रही थी। इसी बीच उसका अफेयर शादीशुदा मयूर माली से हो गया जो उत्तर प्रदेश का रहनेवाला है। इसके बाद दोनों ने गुजरात से दूर एक नई जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई। योजना के तहत, जब शोरूम का मालिक दोपहर में खाना खाने घर गया, तब हर्षिदा ने तिजोरी से सोने की चेन, अंगूठियां और मंगलसूत्र निकालकर अपनी यूनिफॉर्म और बैग में छिपा ली और इसके बाद वह शोरूम से फरार हो गई।
बुलेट से राज्यों का सफर और होटल में धोखा
चोरी करने के बाद दोनों आरोपी एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर पुलिस की नजरों से बचते हुए वहां से राजस्थान होते हुए दिल्ली भाग गए। वे अलग-अलग शहरों के होटलों में रुककर पुलिस की आंखों में धूल झोंकते रहे। लेकिन कहानी में असली मोड़ तब आया जब दिल्ली के एक होटल में हर्षिदा नहाने गई। जैसे ही वह बाथरूम में गई, उसका बेवफा बॉयफ्रेंड मयूर माली करोड़ों के गहनों से भरा बैग लेकर उसे अकेला छोड़कर फरार हो गया।
पढ़ें :- पिता ने प्रेमी के साथ बेटी की शादी को किया इंकार, बेटी ने प्रेमी से शादी करने के लिए अपने ही घर में करवा दी 1 करोड़ 20 लाख की डकैती
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
कुछ दिनों के बाद जब हर्षिदा के पास पैसे खत्म हो गए, तो वह मजबूरी में अहमदाबाद लौटी और माणिक चौक में उसने अपने बचे-खुचे गहने बेचने की कोशिश करने लगी, तभी मौके पर मौजूद क्राइम ब्रांच ने उसे दबोच लिया। प्यार में मिले धोखे से टूटी हर्षिदा टूट गई थी और उसने पुलिस के सामने मयूर माली के सारे राज खोल दिए। इस जानकारी के बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी के मदद से मयूर माली को भी अहमदाबाद रिंग रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को अब तक दोनों के पास से केवल ₹38 लाख मूल्य के गहने ही प्राप्त हुए है और बाकी के करीब ₹1.28 करोड़ के आभूषण अब भी गायब हैं। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाकी का सोना कहां छिपाया गया है या किसको बेचा गया है।