Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. बच्चे के हत्या का आरोपी निकला यूट्यूबर एक्स मुस्लिम ‘सलीम वास्तिक’, पहले मौलवी था फिर इस्लाम के खिलाफ बयान देने से आया था चर्चा में

बच्चे के हत्या का आरोपी निकला यूट्यूबर एक्स मुस्लिम ‘सलीम वास्तिक’, पहले मौलवी था फिर इस्लाम के खिलाफ बयान देने से आया था चर्चा में

By हर्ष गौतम 
Updated Date

New Delhi:  दिल्ली पुलिस ने एक्स मुस्लिम के नाम से चर्चित सलीम वास्तिक को गिरफ्तार कर लिया है। सलीम की बीते 31 सालों की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं मानी जा रही। वह साल 1995 में एक स्कूली बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका था, लेकिन जमानत मिलने के बाद फरार हो गया और अपनी पहचान बदलकर अलग-अलग शहरों में रहने लगा। जानकारी के मुताबिक, सलीम ने 1995 में एक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे का अपहरण किया था। फिरौती की रकम नहीं मिलने पर उसने बच्चे की हत्या कर दी और शव को गंदे नाले में फेंक दिया। पुलिस जांच में वह पकड़ा गया, जिसके बाद अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई।

पढ़ें :- प्रेमी के चाचा के साथ संबंध बनाने से इनकार करने पर, प्रेमी ने महिला की हत्या कर दी

साल 2000 में जमानत मिलने के बाद सलीम फरार हो गया। इसके बाद उसने बेहद शातिर तरीके से खुद को मृत घोषित कर दिया और दिल्ली छोड़कर अलग-अलग शहरों में नई पहचान के साथ रहने लगा। आखिरकार वह गाजियाबाद में जाकर बस गया। गाजियाबाद पहुंचने के बाद उसने पहले कंस्ट्रक्शन का काम शुरू किया, लेकिन कुछ समय बाद उसने मौलवी का रूप धारण कर लिया। बाद में उसने अपने नाम के साथ ‘वास्तिक’ जोड़ लिया और इस्लाम धर्म के खिलाफ बयान देने लगा। इसी दौरान वह “सलीम वास्तिक 007” नाम से यूट्यूब पर वीडियो भी बनाने लगा, जिससे वह सोशल मीडिया पर चर्चित हो गया।

सलीम का यह पुराना आपराधिक इतिहास तब सामने आया जब 27 फरवरी को उस पर कुछ हमलावरों ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद वह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया। इसी दौरान दिल्ली पुलिस को जानकारी मिली कि यही वही व्यक्ति है, जिसने 31 साल पहले एक मासूम छात्र की हत्या की थी और उम्रकैद की सजा के बाद जमानत पर फरार हो गया था। हालांकि, उस समय पुलिस ने तुरंत गिरफ्तारी नहीं की, क्योंकि वह अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था। अब स्वास्थ्य में सुधार के बाद दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही तीन दशक पुराना एक सनसनीखेज मामला फिर से चर्चा में आ गया है।

Advertisement