Cricket Updates: भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आखिरकार अपनी कप्तानी में पहली सीरीज जीत दर्ज कर ली है। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया। इस जीत के बाद अय्यर ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कार्यवाहक मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण का विशेष रूप से आभार जताया।
पढ़ें :- 9 साल बड़ी एक्ट्रेस को डेट कर रहें यशस्वी जायसवाल? Viral-Video के बाद अटकलें तेज
सीरीज के बाद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अय्यर ने कहा कि पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने माना कि कुछ कैच जरूर छूटे, लेकिन उसके अलावा खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने हर मैच में बेहतरीन योगदान दिया। अय्यर ने कहा कि लक्ष्मण ने हर मुकाबले से पहले जो बातें टीम से साझा कीं, वे खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक रहीं और उसी का असर मैदान पर देखने को मिला। श्रेयस अय्यर के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि कप्तान बनने के बाद शुरुआती सात मैचों में उन्हें जीत नहीं मिली थी। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टीम को निराशा हाथ लगी थी, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने पहली जीत के साथ अपनी पहली टी20 सीरीज भी अपने नाम कर ली।
गौतम गंभीर की अनुपस्थिति में इस दौरे पर वीवीएस लक्ष्मण ने टीम की जिम्मेदारी संभाली। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख लक्ष्मण इससे पहले भी कई विदेशी दौरों पर अंतरिम मुख्य कोच की भूमिका निभा चुके हैं और युवा खिलाड़ियों के साथ उनके काम की लगातार सराहना होती रही है। वहीं वीवीएस लक्ष्मण ने भी कप्तान श्रेयस अय्यर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कप्तानी की शुरुआत चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद अय्यर ने कभी आत्मविश्वास नहीं खोया। लक्ष्मण के मुताबिक, पहले दिन से ही अय्यर का रवैया सकारात्मक रहा और उन्होंने टीम को लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसी सोच का नतीजा है कि भारत ने जिम्बाब्वे में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमाया।