सीतापुर। यूपी के सीतापुर जिले (Sitapur District) के इलाके के ग्राम बेलवा बसहिया (Village Belwa Basahiya) में रविवार को पेड़ की डाल काटते समय बिजली लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा हुआ है। बेलवा बसहिया (Belwa Basahiya) निवासी गीतू पुत्र मिश्रीलाल (55 वर्ष) रविवार को घर के सामने लगे पकरिया के पेड़ की डाल काट रहे थे। इसी दौरान डाल बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। जिससे गीतू करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
पढ़ें :- Hardoi News : पति ने पत्नी को मारी गोली, लखनऊ रेफर, आरोपी परिजनों से बोला- सामने से हट जाओ, वरना तुम्हें भी मार देंगे
पिता को बिजली लाइन में चिपका देख उनका 17 वर्षीय पुत्र पीयूष उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में परिजन दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडा (Sanda Community Health Centre) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर चौकी सांडा पुलिस (Sanda Police Outpost) मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। चौकी प्रभारी श्री राम शुक्ला ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। पीयूष की मौत से परिवार के सामने पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बताया जाता है कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। पीयूष ही बाहर जाकर आचार्य का कार्य करते थे और इसी से परिवार का पालन-पोषण चलता था। उनकी मौत के बाद परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का सवाल खड़ा हो गया है।
मृतक पीयूष के परिवार में उनके बड़े भाई पवन (21 वर्ष) और छोटी बहन अंशिका (15 वर्ष) हैं। परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और घर की हालत भी काफी दयनीय बताई जा रही है। पीयूष की असमय मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।