Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. IPL 2026 से ठीक पहले RCB को लग सकता है बड़ा झटका, इस स्टार तेज गेंदबाज को नहीं मिली NOC

IPL 2026 से ठीक पहले RCB को लग सकता है बड़ा झटका, इस स्टार तेज गेंदबाज को नहीं मिली NOC

By हर्ष गौतम 
Updated Date

स्पोर्ट डेस्क, पर्दाफाश। श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से बाहर हो सकते हैं। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने नई फिटनेस पॉलिसी लागू होने के बाद उन्हें अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) देने से इनकार कर दिया है, जिससे उनका IPL खेलना मुश्किल में पड़ गया है। दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट ने हाल ही में एक नई नीति लागू की है, जिसके तहत IPL और PSL जैसी फ्रेंचाइजी लीगों में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को सख्त फिजिकल परफॉर्मेंस टेस्ट पास करना अनिवार्य किया गया है। तुषारा की IPL में भागीदारी इसी फिटनेस टेस्ट के रिजल्ट पर निर्भर थी।

पढ़ें :- आईपीएल 2026 की ओपनिंग सेरेमनी का कार्यक्रम रद्द, बीसीसीआई ने इस वजह से उठाया बड़ा कदम

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुषारा आवश्यक फिटनेस प्वाइंट हासिल करने में असफल रहे हैं। इसी वजह से SLC ने उन्हें NOC जारी करने से मना कर दिया। बता दें कि तुषारा IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा हैं, जिन्होंने उन्हें 1.6 करोड़ रुपये में खरीदा था। तुषारा का IPL ना खेलना RCB के लिए बड़ा झटका हो सकता है। इससे पहले वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में भी जगह नहीं बना पाए थे। कई तेज गेंदबाजों के चोटिल होने के बावजूद उन्हें नजरअंदाज किया गया, जिससे उनकी स्थिति पहले ही कमजोर हो चुकी थी।

मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो, तुषारा फिलहाल चोटिल नहीं हैं और गेंदबाजी करने में सक्षम हैं, लेकिन उनकी ओवरऑल फिटनेस को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। इसी कारण चयनकर्ताओं ने इस बार सख्त रुख अपनाया है। गौरतलब है कि श्रीलंका क्रिकेट ने केवल उन्हीं खिलाड़ियों को NOC दिया है, जिन्होंने नए फिटनेस मानकों को पूरा किया है। दुष्मंथा चमीरा, दासुन शनाका, पथुम निस्संका और कामिंदु मेंडिस जैसे खिलाड़ी टेस्ट पास कर चुके हैं और उन्हें IPL में खेलने की अनुमति मिल गई है। अब देखना होगा कि क्या तुषारा दोबारा फिटनेस टेस्ट पास कर पाते हैं या IPL 2026 से उनका पत्ता साफ हो जाता है। बता दें कि आईपीएल 2026 की शुरूआत 28 मार्च से होनी है और पहला मैच ही हैदराबाद और आरसीबी के बीच बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है।

Advertisement