पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली से आत्महत्या जैसे संगीन मामले की घटना सामने आ रही है, जिसमें दो दिन में दो विवाहिताओं ने इस दिल दहला देनेवाली घटना को अंजाम दिया है। यह मामला पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई का है जहां 26 वर्षीय विवाहिता ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया है। इस वीडियो में पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वही दिल्ली के ख्याला में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत हुई है। इसके घटना के बाद विवाहिता के स्वजन ने आरोप लगाया कि संतान नहीं होने को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। इन दोनों मामलों में स्थानीय पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद गहनता से इसकी पड़ताल शुरू कर दी है।
पढ़ें :- NCR में बदमाशों के हौसले बुलंद, प्लॉट देखने आए डॉक्टर से मारपीट कर ₹23,000 लूटे, बदमाशों ने लाठियों से तोड़ी कार
नांगलोई में जो मामला हुआ है, उसमें 26 वर्षीय विवाहिता को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल लाए जाने की सूचना पुलिस को 23 जून को मिली थी। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। बताया जा रहा था कि महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। इसलिए मामले की सूचना नियमानुसार एसडीएम को दी गई है। तहसीलदार मुंडका ने मृतका की मां का बयान दर्ज किया। मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी का पति रोहित शराब के नशे में अक्सर उसे पीटता था और प्रताड़ित करता था। मृतका के घरवालों का कहना है कि विवाहिता लंबे समय से तनाव में थी।
जांच के दौरान जब मृतका के स्वजन ने पुलिस को दो वीडियो उपलब्ध कराए तब मामला और गंभीर हो गया। ये वीडियो विवाहिता ने आत्महत्या से पहले रिकार्ड किए थे। वीडियो में वह अपने माता-पिता को संबोधित करते हुए कह रही है कि वह लगातार प्रताड़ना से टूट चुकी है। उसने इस वीडियो में कहा है कि मेरी जान को खतरा है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है। 24 जून को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हांलाकि पुलिस ने स्वजन के आरोपों और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इसके अलावा ख्याला इलाके में 24 वर्षीय विवाहिता की हुई मौत के बाद उसके स्वजन ने पति, सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्वजन का कहना है कि शादी के बाद से ही संतान नही होने को लेकर काजल को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। सोमवार देर रात ससुराल पक्ष ने फोन कर उसकी मौत की खबर दी और कारण नहीं बताया। स्वजन का आरोप है कि काजल की हत्या की गई है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों मामलों की जांच—पड़ताल गहनता से की जा रही है।