पटना। बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, बिहार में 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पटना स्थित लोकभवन (राजभवन) में होगा, जहां नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाई जाएगी।
पढ़ें :- जदयू के मंत्री जमा खान ने किया बड़ा दावा, बताया कौन होगा बिहार का नया मुख्यमंत्री
बताया जा रहा है कि मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक के बाद शाम 4 बजे तक सीएम के पद से इस्तीफा दे देंगे। उनके इस्तीफे के साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।इस पूरे घटनाक्रम को बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह (Swearing-in Ceremony) को भव्य बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है।प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और कार्यक्रम को लेकर उच्च स्तर पर लगातार बैठकें हो रही हैं। इस दौरान कई बड़े राजनीतिक चेहरे और गणमान्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इधर, नई सरकार में मुख्यमंत्री पद को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि एनडीए के भीतर सहमति बन चुकी है और जल्द ही नए सीएम के नाम का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। साथ ही मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर भी मंथन जारी है।
बता दें, बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल चरम पर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) के इस्तीफे और नई सरकार के शपथ ग्रहण की संभावनाओं के बीच अब संभावित कैबिनेट मंत्री लिस्ट भी चर्चा में आ गई है। सूत्रों के मुताबिक, एनडीए सरकार (NDA Government) में सहयोगी दलों के बीच फॉर्मूला लगभग तय हो चुका है और उसी के आधार पर मंत्रियों के नाम सामने आ रहे हैं। वहीं नई सरकार में सम्राट चौधरी सीएम (Samrat Chaudhary) बन सकते हैं और निशांत कुमार (Nishant Kumar) के डिप्टी सीएम बनने की पूरी संभावना है।