सतारा। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को प्रचंड बहुमत मिला है। प्रचंड बहुमत मिलने के एक सप्ताह बाद भी वहां पर सरकार का गठन नहीं हुआ है। कहा जा रहा है कि, पांच दिसंबर को महाराष्ट्र में सरकार का गठन किया जाएगा। हालांकि, मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसका अभी तक अधिकारिक एलान नहीं हुआ है लेकिन इसमें देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं, कहा जा रहा है कि, एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री पद छोड़ने के लिए तैयार हैं लेकिन कई अहम विभाग की मांग कर रहे हैं, जिसके कारण सरकार के गठन में देरी हो रही है।
पढ़ें :- Rain alert: यूपी में कल से मिल सकती है भीषण गर्मी से राहत, बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
इन सबके बीच कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का अहम बयान आया है। उन्होंने कहा कि, अभी मेरी तबीयत अच्छी है। मैं यहां पर आराम करने आया था। चुनाव में बहुत भाग दौड़ हो गई थी। मैंने एक में दिन 8-10 सभाएं की थी। मैंने 2-2.5 साल के कार्यकाल में कोई छुट्टी नहीं ली थी। सरकार जनता के आवाज वाली सरकार है। मेरा समर्थन सरकार के साथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जो कहेंगे उसे मेरा पूरा समर्थन है। हमारे तीनों दलों में समन्वय है।
इसके साथ ही कहा, हमारी सरकार ने पिछले 2.5 वर्षों में जो काम किया है, वह इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। इसीलिए लोगों ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया है और विपक्ष को विपक्ष का नेता चुनने का मौका नहीं दिया। महायुति के तीनों सहयोगियों के बीच अच्छा समन्वय है। सीएम उम्मीदवार का फैसला कल किया जाएगा।