आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में बीते सोमवार यानी 3 अगस्त देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद पलट गया। इस भीषण टक्कर की वजह से टैंकर में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में सवार चालक, खलासी और मुनीब की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
पढ़ें :- उबलते पानी में गिरी पत्तियों से शुरू हुआ सफर, जानिए कैसे चीन की एक खोज बनी दुनिया की पसंदीदा पेय
टायर फटने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह टैंकर गोरखपुर से बिलरियागंज की तरफ एक पेट्रोल पंप पर जा रहा था। जैसे ही टैंकर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के समीप पहुंचा, अचानक से उसका टायर फट गया। जिसके कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार से चल रही टैंकर सड़क किनारे लगे हाईवोल्टेज बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर से जा टकराया।
धमाके के साथ आग का गोला बना टैंकर
इस धमाके के दौरान विद्युत तारों से निकले स्पार्क और डीजल के संपर्क में आते ही टैंकर में एक के बाद एक सिलसिलेवार विस्फोट हुए। ये आग इतनी तेजी से फैली कि टैंकर के भीतर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं दमकलकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन लोग पूरी तरह जल चुके थे।
पढ़ें :- UP में बिजली उपभोक्ताओं को लगातार दूसरी बड़ी राहत, अगस्त में कम होकर आएगा बिल
इलाके की बिजली आपूर्ति ठप
इस टक्कर के चलते बिजली का पोल और भारी क्षमता वाला ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे के तुरंत बाद सावधानी के तौर पर पूरे क्षेत्र की बिजली काट दी गई, जिससे आस-पास के दर्जनों गांवों में रातभर अंधेरा रहा। हांलाकि, बिजली विभाग की टीमें सुबह से ही टूटे खंभों और तारों को दुरुस्त करने के काम में जुटी हैं।
पुलिस की कार्रवाई जारी
घटनास्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को टैंकर के केबिन से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मृतकों के दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।