नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ‘रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा, रचनात्मक कांग्रेस राष्ट्रीय अधिवेशन में सभी राज्य और क्षेत्र के लोग आए हैं। पूरे देश को जोड़ना और एक रखना, यही कांग्रेस की सोच है। लेकिन आज चंद लोग जनता में फूट डालना चाहते हैं और ऐसे लोग आज बहुत ज्यादा पैसे वाले बन गए हैं। आज सरकार महात्मा गांधी जी, जवाहरलाल नेहरू जी और बाबा साहेब अंबेडकर जी के सपनों को चूर-चूर करने के लिए काम कर रही है।
पढ़ें :- पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर निहंग ने नांदेड़ में किया हमला, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
उन्होंने आगे कहा, RSS कहती है-हम सामाजिक सेवा में हैं, लोगों की सेवा करते हैं। लेकिन ये नहीं बताया कि वे राम मंदिर में जाकर मेवा भी खाते हैं। RSS के सपोर्ट से BJP सत्ता में आई, लेकिन सत्ता में आने के बाद चंद लोग कहने लगे कि हमें RSS की कोई जरूरत नहीं है। हमें सिर्फ मोदी की जरूरत है और BJP अपने दम पर सरकार बना सकती है- ये बात JP नड्डा ने BJP अध्यक्ष रहते हुए कही थी। वहीं RSS कहती है कि हमारी वजह से ही BJP है, इसलिए हम जो कहते हैं, उन्हें वही करना चाहिए। यानी-ये एक ही सिक्के के दो पहलू है और ये दोनों ही मिलकर लोगों को धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं।
खरगे ने आगे कहा, मुझे दुख होता है कि आज टीवी पर पान मसाला, तेल और बहुत से प्रोडक्ट का विज्ञापन चलाया जाता है। जबकि देश के अच्छे काम के लिए, आजादी के नायकों और उनके विचारों का प्रचार किया जाना चाहिए, ताकि देशभक्त युवा तैयार हों।क्योंकि सिर्फ ‘मोदी भक्त’ होने से कोई फायदा नहीं है।
उन्होंने आगे कहा, देश को आजादी दिलाने वाले, देश के लिए लड़ने वाले और देश बनाने वाले नेहरू जी के बारे में नरेंद्र मोदी कभी नहीं बोलते। BJP के ऐसे नेता भी नेहरू जी पर टीका-टिप्पणी करते हैं, जो तब पैदा भी नहीं हुए थे। उन्हें अपने माता-पिता से नेहरू जी के बारे में पूछना चाहिए। कांग्रेस ने देश में पब्लिक सेक्टर तैयार किए। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बनाए, जहां से पढ़कर लोग इंजीनियर, अर्थशास्त्री और डॉक्टर बने। RSS के लोग तो देश को हमेशा ही गुलामी में रखना चाहते थे, इसलिए लोगों को जानना चाहिए कि किसने देश बनाया और कौन देश को बर्बाद कर रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, दिल्ली में 23 अप्रैल 1958 को दो बच्चों की हादसे में जान चली गई थी, जिस पर अटल बिहारी बाजपेई ने संसद में adjournment motion दिया। तब तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने घटना पर संज्ञान लेते हुए संसद में चर्चा की और जवाब दिया। लेकिन आज हजारों बच्चे मर रहे हैं, गोलियां खा रहे हैं, बच्चियों को रोड पर घसीटा जा रहा है और मोदी सरकार चर्चा के लिए तैयार नहीं है। यही कांग्रेस और BJP में फर्क है।
प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह 20 दिन तक सदन में नहीं आए और बाहर बयान दे रहे थे कि हम चर्चा के लिए तैयार हैं। अमित शाह कहते हैं- मैं रोज संसद आता हूं और अपने चेंबर में बैठता हूं। सवाल है- क्या आपको चेंबर में बैठने के लिए गृह मंत्री बनाया गया है?
पढ़ें :- UP में महिलाओं को 20 हजार देने की तैयारी: अखिलेश यादव बोले-भाजपा की पाप की कमाई को यूपी की धार्मिक महिलाएं कभी नहीं लेंगी