आगर-मालवा। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में आज यानी शनिवार, 19 सितंबर को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां के प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास श्रद्धालुओं से भरी कार तेज बारिश के बाद उफनाए हुए बरसाती नाले में बह गई। इस हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई। इन मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
पढ़ें :- होशियारपुर में दिनदहाड़े फायरिंग से मचा हड़कंप, व्यापारी को बनाया निशाना
सुत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मां बगलामुखी मंदिर में श्रद्धालु दर्शन और पूजा के लिए नलखेड़ा पहुंचे थे। इसी दौरान इलाके में तेज बारिश हुई और मंदिर के समीप स्थित बरसाती नाले में पानी भर गया और बहाव अचानक तेज हो गया। नाले को पार करने के दौरान कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और पानी के साथ बह गई।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव दल ने नाले में कार और उसमें सवार लोगों की तलाश की। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हादसे में कार सवार सभी आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इस घटना को लेकर बताया जा रहा है कि हादसा रातभर हुई भारी बारिश के बाद हुआ। जिसके कारण बरसाती नाला उफान पर था। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच पुलिस और प्रशासन की ओर से की जा रही है।
बता दें कि मृतकों की पहचान को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से घटना से संबंधित औपचारिक जानकारी और आगे की कार्रवाई के बारे में अपडेट जारी किए जाने की उम्मीद है। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगा रही है।