Russia Oil Purchases : अमेरिका ने रूसी पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद पर प्रतिबंधों से छूट को एक महीने के लिए बढ़ा दिया है। रूसी तेल की डिलीवरी और बिक्री पर प्रतिबंधों से छूट 17 अप्रैल से 16 मई, 2026 तक मान्य रहेगी। अमेरिका ने प्रतिबंधों पर छूट दी है, ताकि देश रूस से पेट्रोलियम उत्पाद खरीद सकें। यह फैसला उस समय आया है, जब कुछ ही दिन पहले अमेरिका ने इस विशेष छूट को आगे न बढ़ाने की बात कही थी।
पढ़ें :- ईरान ने 49 दिन बाद पूरी तरह से खोला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज , अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप ने कहा थैंक्स
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने शुक्रवार देर रात एक आदेश जारी किया, जिसके तहत रूसी तेल पर लगे प्रतिबंधों से मिली छूट को 16 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। यह छूट उस रूसी तेल पर लागू होगी जो 17 अप्रैल को या उससे पहले समुद्र में (शिपमेंट के रूप में) था। इससे पहले, अमेरिका ने भारत को 5 मार्च से शुरू होने वाले एक महीने के लिए रूसी तेल खरीदने पर प्रतिबंधों से छूट दी थी। कुछ दिनों बाद, इसी तरह की छूट कई अन्य देशों को भी दी गई थी, जो 11 अप्रैल को समाप्त हो गई थी।
पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच रूसी तेल की खरीद पर प्रतिबंधों से एक महीने की छूट भारत समेत कई देशों के लिए बड़ी राहत है, क्योंकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिका की नाकेबंदी के चलते एक बार फिर तनाव बढ़ने लगा है। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके बंदरगाहों पर अमेरिका की नाकेबंदी जारी रहती है, तो वह भी जवाबी कार्रवाई करेगा।