Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्य प्रदेश के रतलाम में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। एक तरफ-नरेंद्र मोदी और RSS है, जो संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी तरफ-कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन है, जो संविधान को बचाने में लगे हैं। BJP के लोग संविधान खत्म कर गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों से आरक्षण छीनना चाहते हैं। लेकिन हम आरक्षण को कभी खत्म नहीं होने देंगे, हम आरक्षण पर लगी 50% की लिमिट भी हटाने जा रहे हैं।
पढ़ें :- सोने-चांदी पर ड्यूटी बढ़ाने के बावजूद नहीं थमा करेंसी मार्केट का भूचाल, डॉलर के मुकाबले रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर 95.75 पर पहुंचा
उन्होंने आगे कहा कि, मीडिया वाले अंबानी जी के यहां की शादी दिखा देंगे, बॉलीवुड की खबरें चला देंगे..लेकिन आदिवासी समाज के साथ हो रहे अत्याचारों की बात नहीं करेंगे। क्योंकि मीडिया और देश की 200 बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट में कोई भी दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग का नहीं है।
राहुल गांधी ने कहा कि, कांग्रेस ने आपको जमीन अधिग्रहण बिल, वन अधिकार अधिनियम, पेसा कानून दिया। हम जो भी करते हैं, आपके हक के लिए करते हैं। लेकिन जैसे ही BJP की सरकार आती है, वह उल्टा कर देती है। आज देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों, अस्पतालों, स्कूलों को चलाने में आदिवासी वर्ग के लोग दिखाई नहीं देंगे, क्योंकि देश में आपकी भागीदारी नहीं है। इसलिए हमने निर्णय लिया है कि हम जातिगत जनगणना कराएंगे, जिससे देश में आपकी भागीदारी तय हो सके।
साथ ही कहा, नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों को पैसा दिया, उनका कर्ज माफ किया। इसलिए ..हमने मन बना लिया है कि अगर वे अरबपतियों को पैसा दे सकते हैं तो हम गरीब सामान्य वर्ग, दलितों, आदिवासियों को पैसा दे सकते हैं। नरेंद्र मोदी ने चंद लोगों को अरबपति बनाया है, हम करोड़ों लखपति बनाने जा रहे हैं। हम हर गरीब परिवार की एक महिला को सालाना 1 लाख रुपए देंगे, किसानों को MSP मिलेगी और उनका कर्ज माफ होगा।
उन्होंने कहा कि, कांग्रेस का वादा है—मनरेगा मजदूरों को 400 रुपए दैनिक मजदूरी, आशा, आंगनवाड़ी की महिलाओं का आमदनी दोगुनी और एक लाख रुपए महिलाओं के बैंक अकाउंट में जाएगा। साथ ही कहा, BJP के नेता ने एक आदिवासी युवा पर पेशाब कर उसका वीडियो बनाया और पूरे हिंदुस्तान में दिखाया। यहां हमारे प्रत्याशी के खिलाफ लड़ने वाले कैंडिडेट के रिश्तेदार ने आदिवासी बिटिया के साथ रेप किया। BJP के लोग चाहते हैं कि आप आगे न बढ़ पाओ और आपके बच्चे इंजीनियर-डॉक्टर न बन पाएं। ये आपका जल-जंगल-जमीन छीनना चाहते हैं। अगर हमें इनको रोकना है तो एकसाथ लड़ना होगा। ताकि आपके अधिकारों, संविधान और आरक्षण को बचाया जा सके।