Weather Update: सर्दी का सितम जारी है। पहाड़ी इलाके में बर्फबारी का भी अनुमान लगाया जा रहा है। इसके साथ ही कई जगहों पर बारिश की भी आशंका है। मौसम विभाग की माने तो गुरुवार तक मैदानी इलाकों में ठंड और गलन काफी बढ़ सकती है। इसके साथ ही कोहरा भी खूब बढ़ेगा। कोहरे का असर विमान सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है।
पढ़ें :- शरद पवार की केंद्र से अपील, छात्रों और नागरिकों की मांगों को संवेदनशीलता के साथ सुने, NDA में शामिल होने से इनकार
हिमाचल और जम्मू में हो सकती है बर्फबारी
मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी हिमाचल क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने वाली है। इसके चलते हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के ऊपरी हिस्सों में ताजा बर्फबारी होगी। इसके साथ ही उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश भी हो सकती है। अनुमान यही लगाया जा रहा है कि विक्षोभ के चलते उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों समेत मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मंगलवार से लेकर गुरुवार तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश का अनुमान है। बारिश के चलते कुछ इलाकों में तापमान में अंतर देखा जा सकता है।
शीतलहर का बढ़ सकता है प्रकोप
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले तीन दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पंजाब हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर का प्रकोप बढ़ सकता है। विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक शीत लहर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के इलाकों में लगातार बढ़ेगी।