हावड़ा: पश्चिम बंगाल में सोमवार को बारिश के बीच आकाशीय बिजली का कहर कई परिवारों पर भारी पड़ गया। राज्य के हावड़ा जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पढ़ें :- मेडल हरियाणा देता है तो कॉमनवेल्थ गेम्स गुजरात में क्यों? कांग्रेस MP दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र सरकार पर भेदभाव का लगाया आरोप!
जानकारी के अनुसार, सबसे बड़ी घटना जगतबल्लभपुर के माजू इलाके में हुई। यहां बारिश के दौरान खेतों में काम कर रहे चार किसान अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों का उपचार चल रहा है।
एक अन्य घटना आमता थाना क्षेत्र के सोनामुई ढाकीपाड़ा गांव में सामने आई। बताया गया कि 35 वर्षीय सुषांत रॉय खेत से लौटने के बाद तालाब किनारे अपनी कुदाल साफ कर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गए। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बागनान थाना क्षेत्र के कटापुकुर गांव में भी खेत में काम कर रहे एक किसान पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच प्रशासन ने लोगों से खुले मैदानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।