Haryana Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के सोनीपत में चुनावी जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने कहा, आज हमारे पथ प्रदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती है। अंत्योदय और गरीबों की सेवा के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने जो रास्ता दिखाया, वो प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए संकल्प पथ की तरह है। उनकी प्रेरणा से भाजपा, भारत को विकास की नई ऊंचाई पर ले जा रही है, गरीबों का उत्थान कर रही है। मैं श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को श्रद्धा पूर्वक नमन करता हूं।
पढ़ें :- Hockey Junior Asia Cup 2026 : भारत की जीत पर सीएम योगी ने दी बधाई, बोले -प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों के योगदान को बताया प्रेरणादायी
उन्होंने कहा, आज जम्मू कश्मीर में दूसरे चरण का मतदान भी हो रहा है। ये मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। लोग सुबह से ही वोट डालने के लिए कतारों में लग गए हैं। पहले चरण में जिस तरह जम्मू कश्मीर में मतदान का रिकॉर्ड टूटा, वो भी दुनिया ने देखा। मैं जम्मू कश्मीर के लोगों की सराहना करूंगा, उन्हें बधाई दूंगा कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं।
बाबा साहेब अंबेडकर मानते थे कि दलितों के सशक्तिकरण में उद्योगों की बड़ी भूमिका होती है। वे देखते थे कि गरीबों, दलितों, वंचितों के पास पर्याप्त जमीन नहीं होती। बहुत से गरीब साथी भूमिहीन होते थे और मजदूरी करके अपनी जिंदगी काटते थे। इसलिए बाबा साहेब कहते थे कि जब फैक्ट्रियां लगती हैं, तब गरीबों, दलितों, वंचितों को अवसर मिलता है। वे इनसे Technical Skills सीखने को कहते थे। भाजपा की नीति निर्णयों में, भाजपा के विचारों में आपको बाबा साहेब की यही सोच दिखाई देगी। दलित और वंचित समाज को उद्योगों में अवसर देकर ही सच्चा सशक्तिकरण संभव है।
उन्होंने आगे कहा, भाजपा सरकार में हरियाणा आज खेती और उद्योग, दोनों मामलों में देश के टॉप राज्यों में अपनी जगह बना रहा है। जब औद्योगिकरण बढ़ता है, तो इसका सबसे अधिक फायदा गरीब, किसान और दलित को होता है। इसके साथ ही कहा, कांग्रेस का शाही परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है और जब हाईकमान भ्रष्टाचारी होता है, तो नीचे लूट का खुला लाइसेंस मिल ही जाता है। याद कीजिए, 10 साल पहले जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी, तब कैसे प्रदेश को लूटा गया था। यहां किसानों की जमीनों को लूटा गया, प्रदेश को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया था।
आप भी जानते हैं, जहां भी कांग्रेस को मौका मिला, जहां-जहां कांग्रेस ने पैर रखा, वहां भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद पक्का है। भारत के सरकारी सिस्टम में भ्रष्टाचार पैदा करने वाली, पालने-पोसने वाली कांग्रेस है। कांग्रेस, जम्मू-कश्मीर में फिर से आर्टिकल-370 लाना चाहती है। कांग्रेस, जम्मू-कश्मीर में आतंक और अलगाव को फिर से हवा देना चाहती है। तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस देश के दुश्मनों के एजेंडे को भारत में लागू करना चाहती है। आर्टिकल-370 को वापस लाना उन वीरों की कुर्बानी का अपमान होगा, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंक के खिलाफ लड़ाई लड़ी।
पढ़ें :- Under-18 Asia Cup : कोरिया को हराकर भारतीय युवा महिला हॉकी टीम ने जीता कांस्य
पीएम ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा ही SC/ST/OBC को भागीदारी से वंचित रखा है। ये तो बाबा साहेब अंबेडकर थे, जिन्होंने दलितों को आरक्षण दिया, वरना OBC की तरह दलितों को भी आरक्षण के लिए कांग्रेस की हार का इंतजार करना पड़ता। जब-जब कांग्रेस, सरकार से दूर रही है, तब-तब गरीबों को, SC/ST/OBC को उनका हक मिला है। जब-जब कांग्रेस, सरकार में रही है, उसने दलितों-पिछड़ों का हक छीना है।