नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने NEET परीक्षा परिणाम को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस विषय की गहनता एवं पारदर्शी तरीके से जांच हो और छात्रों की समस्याओं का निस्तारण कर उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिया जाए।
पढ़ें :- ED Big Action : आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ की ईडी ने अटैच की संपत्ति, बाजार मूल्य 1170 करोड़ रुपये
सचिन पायलट ने एक्स पर लिखा कि, NEET परीक्षा के पेपर लीक होने की खबरें पहले सामने आईं और अब NEET परीक्षा परिणाम में धांधली होने के समाचार सामने आ रहे हैं। एक ही परीक्षा केंद्र के 6 परीक्षार्थियों के 720 में से 720 अंक आना, बोनस अंकों का वितरण जैसी कई गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिन पर छात्रों एवं उनके अभिभावकों ने आपत्ति दर्ज करवाई है।
उन्होंने आगे लिखा कि, इस प्रकार का खिलवाड़ लाखों छात्रों की मेहनत, सपनों और भविष्य पर कुठाराघात है, जो वर्षों तक लगन और समर्पण के साथ परीक्षा की तैयारी करते हैं। छात्र और उनके माता-पिता कई उम्मीदों के साथ अपने बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाते हैं परंतु, जब परीक्षा में धांधली होती है तो इनकी उम्मीदें टूट जाती हैं।
इससे साफ है कि केंद्र सरकार न तो छात्रों के भविष्य को लेकर चिंतित है और न ही पारदर्शिता से प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करने में सक्षम। केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस विषय की गहनता एवं पारदर्शी तरीके से जांच हो और छात्रों की समस्याओं का निस्तारण कर उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिया जाए।