नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरन उन्होंने कहा, संसद का सत्र चल रहा है और इस सत्र में इंडी गठबंधन का बिखराव और संविधान के प्रति उनका दुराव देश की जनता को स्पष्ट दिखाई दे रहा है। कल राज्यसभा में विपक्षी दल द्वारा नियम 267 के तहत यानी सभी कार्य रोक कर किसी मुद्दे पर चर्चा की जाए, इसके तहत 42 नोटिस आए थे और 9 अलग अलग नोटिस आए थे, जो इंडी गठबंधन के दो दलों ने एक विषय के लिए नहीं दिया था। ये स्पष्ट था कि कांग्रेस पार्टी जो अपना एजेंडा लेकर चल रही थी, इंडी गठबंधन के बाकी दलों ने अपनी राह खुद तय कर ली।
पढ़ें :- ED Big Action : आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ की ईडी ने अटैच की संपत्ति, बाजार मूल्य 1170 करोड़ रुपये
उन्होंने आगे कहा, सदन के पटल पर सहयोगी दलों को साथ लेकर चलने की विफलता के बाद राहुल गांधी जी रस्म अदायगी के लिए उत्तर प्रदेश के संवेदनशील क्षेत्र संभल जाने का प्रयास कर रहे हैं। जिस पर सपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर राम गोपाल यादव जी ने कहा है कि कांग्रेस औपचारिकता निभा रही है। मैं इसे ऐसे कहना चाहूंगा कि कांग्रेस औपचारिकता नहीं विवशता निभा रही है। संभल पर कांग्रेस के किसी नेता ने न कुछ बोला, न ही कुछ लिखा और आज अचानक सिर्फ मीडिया आकर्षण पाने और इंडी गठबंधन को साथ न रख पाने की छटपटाहट में ये कार्य किया है।
उन्होंने आगे कहा, पंजाब में जब से आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, आर्थिक स्थिति खस्ताहाल होती जा रही है। वहां पर कानून की स्थिति और अपराध निरंतर समस्याजनक होते जा रहे हैं। आप की सरकार आने के साथ ही हत्याओं और अपराधियों के हौसले बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ है। आज पवित्र स्वर्ण मंदिर द्वार पर गोली चलना और एक पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष रहे, उन पर हमले का प्रयास दर्शाता है कि आज पंजाब में स्थिति किस सीमा तक पहुंच गई है। इसका मुख्य कारण ये है कि आम आदमी पार्टी में आपसी खींचतान चल रही है।