न्यूयॉर्क। अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ हिंसक घटनाएं बढ़ने लगी हैं। आए दिन वहां पर भारतीय लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इन सबके बीच न्यूयॉर्क शहर में पिज्जा डिलीवरी करने वाले 27 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान पंजाब के रहने वाले गुरदीप सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पंजाब स्थित उनके परिवार में मातम पसरा है। परिवार ने गुरदीप का शव भारत लाने और हमलावर की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पढ़ें :- अमेरिका में भारतीय मूल के व्यापारी की गोली मारकर हत्या, पास खड़ी बेटी बाल-बाल बची
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 9:50 बजे ब्रुकलिन इलाके में हुई है। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग को 899 क्रिसेंट स्ट्रीट के पास एक व्यक्ति के कई गोलियां लगने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गुरदीप सिंह को घायल अवस्था में पाया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।
इस मामले में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हो पायी है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे लूट की कोशिश हो सकती है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हमले की सही वजह स्पष्ट होगी।
मीडिया रिपोर्ट की माने तो, परिजनों का कहना है कि, गुरदीप ने कई तरह की मुश्किलों का सामना करने के बाद भी अपनी मेहनत को जारी रखा। पिज्जा डिलीवरी का काम करके वह अपने परिवार की आर्थिक मदद कर रहा था। परिजनों ने भारत सरकार से शव को जल्द पंजाब लाने में मदद करने की अपील की है।