नई दिल्ली। यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़नी शुरू हो गयी हैं। सिख गुरुओं का एआई वीडियो बनाकर ध्रुव राठी विवादों में फंस गया है। दरअसल, राठी ने एक ‘द राइज ऑफ सिख’ शीर्षक से एक एआई वीडियो जारी किया है। इसको लेकर लोगों में काफी रोष है। देशभर में इस ध्रुव राठी को लेकर विरोध शुरू हो गया है। सिख समुदाय इसे सिख धर्मगुरु का अपमान बता रहे हैं। लोगों ने इस कृत्य के लिए ध्रुव राठी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पढ़ें :- UP Board Results 2026 : योगी सरकार ने पारदर्शिता और समयबद्धता से रचा नया मानक, परीक्षार्थी सबसे पहले इस साइट पर देख सकेंगे रिजल्ट
वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखकर इसकी निंदा की है। उन्होंने लिखा है, मैं ध्रुव राठी के हालिया वीडियो “सिख योद्धा जिसने मुगलों को भयभीत कर दिया” की निंदा करता हूं, जो न केवल तथ्यात्मक रूप से त्रुटिपूर्ण है, बल्कि सिख इतिहास और भावनाओं का घोर अपमान भी करता है। साहस और दिव्यता के अवतार श्री गुरु गोबिंद सिंह जी को एक बच्चे के रूप में रोते हुए दिखाना सिख धर्म की मूल भावना का अपमान है, जो निडरता, लचीलापन और चढ़दी कला का प्रतीक है।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने वीडियो की निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार के चित्रण सिख रहत मर्यादा का उल्लंघन करते हैं, जो गुरु साहिबान के दृश्य रूप में प्रदर्शन पर रोक लगाती है और इससे सिख समुदाय की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि सम्मानजनक भाषा की कमी और भ्रामक तथ्य पेश किए गए हैं।