Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. जंतर-मंतर पर फिर बढ़ा बवाल: CJP संस्थापक अभिजीत दीपके पर फेंकी गई स्याही, महिला हिरासत में

जंतर-मंतर पर फिर बढ़ा बवाल: CJP संस्थापक अभिजीत दीपके पर फेंकी गई स्याही, महिला हिरासत में

By Harsh 
Updated Date

नई दिल्ली : जंतर-मंतर पर शुक्रवार को चल रहे प्रदर्शन के दौरान एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला ने स्याही फेंक दी। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी। घटना के बाद CJP की ओर से आरोप लगाया गया कि हमला सुनियोजित था। पार्टी का दावा है कि प्रदर्शन को बाधित करने के लिए बीजेपी के गुंडों को भेजा गया था। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस आरोप की पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पढ़ें :- PM मोदी के साथ मंच साझा करने पर उठे सवाल, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने तोड़ी चुप्पी

यह घटना ऐसे समय हुई जब कुछ ही घंटे पहले शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल ले जाया गया था। वह शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कई दिनों से अनशन पर बैठे थे। शुक्रवार सुबह पुलिस ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया और प्रदर्शन स्थल खाली करने का आदेश दिया था।

अभिजीत दीपके ने शुरू की भूख हड़ताल

सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद अभिजीत दीपके ने खुद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि वह आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए अब खुद अनशन पर बैठ रहे हैं। जंतर-मंतर पर यह प्रदर्शन पिछले कई दिनों से जारी है। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और उनका कहना है कि मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए। आंदोलन के समर्थन में अलग-अलग संगठनों और लोगों का आना भी लगातार जारी है।

हाईकोर्ट ने भी जताई थी चिंता

इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए प्रशासन को उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया था। डॉक्टरों ने भी उनकी हालत को गंभीर बताया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की। फिलहाल स्याही फेंकने की घटना के बाद जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ जारी है।

पढ़ें :- सोनम वांगचुक की ज़बरन गिरफ़्तारी शर्मनाक, सत्ता का अहंकार नहीं रहेगा, युवा शक्ति ही उखाड़ फेंकेगी मोदी सरकार का तख्त : संजय सिंह
Advertisement