राजस्थान में एक सड़क हादसे में आगरा के चार यूट्यूबरों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सभी खाटूश्याम मंदिर में एकादशी का लाइव प्रसारण करने के बाद घर लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे-148 पर रायसर के पास उनकी कार का टायर फट गया। चालक नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी।
पढ़ें :- Video- जयपुर में डंपर ने मचाया मौत का तांडव; 5KM तक जो भी सामने आया उसे कुचला, 10 लोगों की गयी जान और 40 घायल
हादसे से कुछ घंटे पहले किया था लाइव
मृतकों में अतुल वार्ष्णेय, मुकुल जायसवाल, रूपेश जाटव और शिवा सिंह शामिल हैं। ये सभी आगरा के रहने वाले थे और धार्मिक कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण करते थे। अतुल के भाई रोहित के मुताबिक, उनका ‘वेडिंग हाईलाइट स्टूडियो’ नाम से यूट्यूब चैनल था। चारों 21 अक्टूबर की शाम खाटूश्याम मंदिर के लिए निकले थे और गुरुवार रात करीब एक बजे एकादशी का लाइव प्रसारण किया था।
घर पहुंचने का किया था वादा
लाइव प्रसारण के बाद सभी ने परिजनों से बात की थी और शुक्रवार सुबह घर लौटने की बात कही थी। परिवार वाले उनके आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सुबह करीब सात बजे हादसे की खबर पहुंची। अतुल की पत्नी सिम्मी और उनकी तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि अतुल ने बेटियों से जल्द घर लौटने का वादा किया था।
दो लोग घायल, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे में राहुल शर्मा और अर्पित बंसल घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही रायसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद चारों मृतकों के शव परिजनों को सौंपे गए। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।