Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. पति की हत्या के बाद बाथरूम में दफनाया शव, 14 घंटे की पूछताछ में टूट गई पत्नी, खीर में 20 नींद की गोलीयां मिलाकर की थी हत्या

पति की हत्या के बाद बाथरूम में दफनाया शव, 14 घंटे की पूछताछ में टूट गई पत्नी, खीर में 20 नींद की गोलीयां मिलाकर की थी हत्या

By Harsh Gautam 
Updated Date

आगरा: आगरा में सामने आए चर्चित हत्या मामले में पुलिस की लंबी पूछताछ के बाद कई नए खुलासे हुए हैं। प्रताड़ना से तंग शराबि पति की हत्या कर उसके शव को घर के बाथरूम में दफनाने की आरोपी पत्नी ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने पूरी वारदात को अकेले अंजाम दिया था। पुलिस ने करीब 14 घंटे तक उससे पूछताछ की जिसके बाद शनिवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पढ़ें :- राम मंदिर दान चोरी केस पर मोहन भागवत का बयान, बोले- दत्तात्रेय होसबाले की बात से पूरी तरह सहमत

पूछताछ के दौरान रातभर रोती रही आरोपी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी महिला कई बार भावुक हो गई और रातभर रोती रही। इस दौरान उसने घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए हालांकि कई मौकों पर वह अपने बयान भी बदलती रही। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की। जांच में सामने आया कि मूल रूप से भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित दहतोरा की रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी रूबी ने करीब 45 दिन पहले उनकी हत्या कर दी थी और शव को घर के बाथरूम में दफना दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने रूबी की निशानदेही पर बाथरूम का फर्श तुड़वाकर कंकाल बरामद किया था।

खीर में नींद की गोलियां मिलाने का दावा

पढ़ें :- 'चढ़ावा चोरी केस में प्रियंका गांधी, केजरीवाल, संजय सिंह और रामगोपाल यादव से हो पूछताछ...' VHP ने जांच अधिकारी को लिखा पत्र

पूछताछ में रूबी ने बताया कि सुरेंद्र नींद की गोलीयों का अकसर सेवन करता था, उसने 17 मई की रात पति को खीर में 20 नींद की गोलियां मिलाकर दी थीं। देर रात जब उसने पति को देखा तो उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी और सांसें भी बंद थीं। उस समय घर में उनकी दो बेटियां और सास मौजूद थीं।

रूबी ने दोनों बेटियों को सास के पास भेज दिया। इसके बाद उसने अपने जेठ को फोन कर बुलाया, लेकिन उन्हें घर के अंदर नहीं आने दिया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने खुद ही बाथरूम के कच्चे फर्श को खोदा और पति के शव को उसमें दफना दिया।

खुद मंगवाई मिट्टी, गिट्टी और सीमेंट

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने स्थानीय लोगों के माध्यम से मिट्टी मंगवाई और शव को उससे ढंक दिया। इसके बाद उसने गिट्टी, मोरंग और सीमेंट भी मंगवाया। शुरुआती काम उसने खुद किया ताकि किसी को शक न हो। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने बाद में एक राजमिस्त्री को फोन कर बाथरूम का फर्श पक्का करने के लिए बुलाया। शाम को राजमिस्त्री अपने एक मजदूर के साथ पहुंचा और बाथरूम का फर्श तैयार कर दिया। पुलिस जांच में यह सामने आया कि राजमिस्त्री और मजदूर को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि बाथरूम के नीचे शव दफनाया गया है।

पढ़ें :- ऑनलाइन सट्टे की लत से कर्ज में डूबे युवक ने, लूट के बाद महिला को कुएं में फेंका, 21 घंटे तक मौत से लड़ती रही ​पीड़िता

पुलिस ने राजमिस्त्री और मजदूर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कई घंटों तक पूछताछ और तथ्यों की जांच के बाद पुलिस ने दोनों को निर्दोष मानते हुए छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच में हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है।

मोबाइल जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध सुराग

पुलिस ने आरोपी महिला के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कराई। जांच में परिवार के सदस्यों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति से संदिग्ध बातचीत या संपर्क नहीं मिला। पुलिस को मोबाइल की सर्च हिस्ट्री में भी हत्या या शव छिपाने से संबंधित कोई जानकारी नहीं मिली।

कंकाल का लिया गया डीएनए सैंपल

पुलिस ने बाथरूम से बरामद कंकाल का डीएनए नमूना लिया है। डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की निशानदेही पर शव की बरामदगी और जांच में जुटाए गए अन्य साक्ष्य इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पढ़ें :- अली खामेनेई की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 14 महीने की पोती के छोटे ताबूत को देख ईरान हुआ भावु​क

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में मृतक की पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की जांच अभी भी जारी है और वैज्ञानिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement