आगरा। ताजगंज के कोल्हाई मोहल्ले में मंगलवार की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मायके में रह रही 40 वर्षीय कुंती देवी की उनके ही पति रणवीर उर्फ रानू ने सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात की वजह सिर्फ इतनी थी कि कुंती ने वापस ससुराल जाने से मना कर दिया था और सुबह पति को उसके पिता के सामने थप्पड़ मार दिया था। इसी बात से खुन्नस खाए पति ने बाजार से महज 40 रुपये का चाकू खरीदा और शाम को घर में घुसकर वारदात को अंजाम दे डाला। हालांकि, भागते समय मुस्तैद पड़ोसियों ने हत्यारे पति को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पढ़ें :- योगी सरकार UPTEN नेटवर्क के जरिए 'गोल्डन ऑवर' में हर साल 12 हजार लोगों की बचाएगी जान, 48 घंटे तक फ्री इमरजेंसी इलाज
दरअसल डौकी के कुंडौल का रहने वाला रणवीर पेशे से मजदूर है और शराब पीने का आदी है। उसकी प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर कुंती पिछले एक साल से अपने दो बच्चों के साथ मायके में ही रह रही थी। उसने कोर्ट में केस भी कर रखा था। मंगलवार सुबह रणवीर अपने पिता राम प्रसाद के साथ कुंती को विदा कराने आया था लेकिन कुंती ने साफ इनकार कर दिया। बहस के दौरान बात इतनी बढ़ी कि कुंती ने ससुर के सामने ही रणवीर को थप्पड़ जड़ दिया। इससे बौखलाया रणवीर जान से मार देने की धमकी देते हुए वहां से निकल गया।
शाम करीब चार बजे रणवीर शराब के नशे में धुत होकर बाइक से दोबारा ससुराल पहुंचा। उस वक्त कुंती पड़ोस की एक महिला के साथ बैठी थी। रणवीर ने अंदर घुसते ही कुंती के बाल पकड़े और उसे घसीटते हुए बाहर लाने लगा। जब कुंती ने विरोध किया, तो रणवीर ने दोपहर में ही खरीदा हुआ सब्जी काटने वाला चाकू निकाला और उसके सीने, पेट और हाथ पर ताबड़तोड़ छह वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग जुटते, कुंती खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर चुकी थी।
आरोपी वारदात के बाद अपनी बाइक छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन मोहल्ले वालों ने घेराबंदी करके उसे मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना मिलते ही एसीपी ताज सुरक्षा पुलिस बल के साथ पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लिया। घायल कुंती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।