तमिल सिनेमा के सुपरस्टार अजित कुमार के परिवार में दुख का माहौल है। अभिनेता की मां मोहिनी मणि का निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं और चेन्नई के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
पढ़ें :- रहस्य और सस्पेंस से भरपूर दिखी करिश्मा कपूर की नई सीरीज, ‘ब्राउन’ का ट्रेलर रिलीज
बताया जा रहा है कि मां के आखिरी समय में अजित कुमार उनके साथ मौजूद नहीं थे। उस वक्त वह किसी यात्रा पर थे। निधन की सूचना मिलते ही अभिनेता तुरंत वापस लौटने की तैयारी में जुट गए। बाद में मोहिनी मणि के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके घर लाया गया।
अजित कुमार अपनी मां के बेहद करीब माने जाते थे। कई बार उन्हें मां के साथ मंदिरों में दर्शन करते देखा गया था। परिवार और करीबी लोगों के मुताबिक अभिनेता हमेशा अपनी मां का खास ध्यान रखते थे। ऐसे में उनकी मौत से अजित कुमार को गहरा सदमा पहुंचा है।
गौरतलब है कि दो साल पहले अभिनेता ने अपने पिता को भी खो दिया था अब मां के निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अभिनेता और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जाहिर कर रहे हैं। वहीं, लोग इस मुश्किल वक्त में उन्हें हिम्मत बनाए रखने की बात कह रहे हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अजित कुमार हाल ही में अपनी फिल्म ‘गुड बैड अग्ली’ को लेकर चर्चा में रहे थे। अभिनय के अलावा वह रेसिंग की दुनिया में भी काफी सक्रिय हैं।