Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. बिहार में सत्ता परिवर्तन की पूरी पटकथा तैयार, BJP का मुख्यमंत्री बनना तय!

बिहार में सत्ता परिवर्तन की पूरी पटकथा तैयार, BJP का मुख्यमंत्री बनना तय!

By हर्ष गौतम 
Updated Date

Bihar politics:  बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व में नई सरकार के गठन की पूरी रूपरेखा सामने आ चुकी है। मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब पद छोड़ने की तैयारी में हैं और उनकी जगह भाजपा विधायक दल का नेता राज्य की कमान संभालेगा। मंगलवार को दिनभर बैठकों का दौर चलेगा, जो नई सरकार की दिशा तय करेगा। दोपहर 2 बजे नीतीश कुमार ने अपने आवास पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसके तुरंत बाद 3 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान नए नेता के नाम का ऐलान करेंगे। पार्टी ने उन्हें पर्यवेक्षक बनाकर पटना भेजा है, जहां वे विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराएंगे।

पढ़ें :- एमएलसी पद से नीतीश कुमार का इस्तीफा, अब सीएम पद को लेकर बढ़ा सस्पेंस

इन दोनों बैठकों के बाद शाम 4 बजे विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) विधायक दल की अहम बैठक होगी। इसी बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता को औपचारिक रूप से गठबंधन का नेता चुना जाएगा। इसके बाद वही नेता सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार का शपथ ग्रहण 15 अप्रैल को होगा। इससे पहले 14 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी, जिसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे और नई सरकार के गठन का रास्ता साफ करेंगे। फिलहाल, पटना में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का आवास और मुख्यमंत्री आवास राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। यहां लगातार NDA नेताओं की बैठकें हो रही हैं। जेडीयू के वरिष्ठ नेता संजय झा और ललन सिंह ने सम्राट चौधरी से मुलाकात की, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी यहां पहुंचे।

भाजपा के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा मौजूदा विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी और उप-नेता विजय सिन्हा के नामों को लेकर है। हालांकि अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक में ही होगा। कुल मिलाकर, बिहार में सत्ता परिवर्तन की पूरी पटकथा तैयार है और अब सबकी नजरें मंगलवार को होने वाली बैठकों पर टिकी हैं, जहां राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।

Advertisement