नई दिल्ली। हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (RGIA) पर आज 17 मई दिन रविवार को हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। खबरों के मुताबिक यह हाई अर्लट तब से जारी किया गया है जब नीदरलैंड के एम्स्टर्डम से आ रहे विमान को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पिछले तीन दिनों में हैदराबाद एयरपोर्ट को निशाना बनाकर भेजी गई यह तीसरी ऐसी धमकी है। सुरक्षा अधिकारियों को प्राप्त ईमेल में यह चेतावनी दी गई थी कि इस विमान में एक मानवरहित बम है और यह विस्फोट गंतव्य तक पहुंचने से काफी पहले, किसी भी समय हो सकता है। गंभीर धमकी के बाद भी प्रभावित विमान भारत के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद हैदराबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गया।
पढ़ें :- राज्यसभा में 'CAPF जनरल एडमिनिस्ट्रेशन बिल 2026' पारित, अर्धसैनिक बलों के नेतृत्व ढांचे में होगा बड़ा बदलाव
जैसे ही विमान रनवे पर आया उसे तुरंत मुख्य टर्मिनल से दूर सुरक्षित ‘आइसोलेशन बे’ (Isolation Bay) में ले जाया गया। सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए चालक दल के सभी सदस्यों और उसके सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) की टीमें पूरे विमान, यात्रियों के सामान और कार्गो एरिया की बारीकी से तलाशी और जांच कर रही हैं।
पिछले चार दिनों के भीतर हैदराबाद एयरपोर्ट पर यह तिसरी बार है जब किसी अंतरराष्ट्रीय उड़ान को इस तरह की धमकी मिली है। इससे ठीक पहले फ्रैंकफर्ट से आ रही लुफ्थांसा फ्लाइट और मलेशिया से आ रही एयरएशिया की फ्लाइट को भी ऐसे धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो जांच के बाद फर्जी (Hoax) साबित हुए थे। हांलाकि सुरक्षा एजेंसियां और साइबर सेल इस ईमेल के सोर्स (IP Address) को ट्रेस करने और भेजने वाले शख्स की पहचान करने में जुटी हैं। साथ ही यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और सर्विलांस को काफी बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा यात्रियों की स्क्रीनिंग और सामान की जांच बेहद कड़े तरीके से किया जा रहा है। साथ ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) के साथ मिलकर एयरपोर्ट के सभी संवेदनशील हिस्सों की गहन छानबीन की जा रही है।
रिपोर्ट : सुशील कुमार साह