चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ इलाके में आवारा कुत्तों के हमलों से लोगों में डर का माहौल है। अब तक 11 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने 10 स्कूलों में छुट्टी कर दी है। इन स्कूलों में पढ़ने वाले 600 से ज्यादा बच्चों की पढ़ाई फिलहाल ऑनलाइन कराई जा रही है।
पढ़ें :- 11 सालों से बाल नहीं कटवाया, उत्तराखंड की रेणु ने सबसे लंबे बाल का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, गिनीज बुक...
लोगों का डर इस कदर बढ़ गया है कि वे घर से निकलते समय हाथ में डंडा लेकर चल रहे हैं। प्रशासन की ओर से इलाके में कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान भी शुरू किया गया है।
तीन कुत्ते पकड़े गए
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी किया गया था। शुरुआत में 20 से 23 अगस्त तक छुट्टी रखने का फैसला हुआ था जिसे बाद में घटाकर दो दिन कर दिया गया।
कुत्तों को पकड़ने के लिए वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम अभियान चला रही है। अब तक तीन कुत्तों को पकड़ा जा चुका है। टीम जाल की मदद से कुत्तों को पकड़ रही है और पकड़े गए कुत्तों का वैक्सीनेशन भी किया जा रहा है।
पढ़ें :- हल्द्वानी की बेटी 'रेणु धरियाल' ने भारत के नाम किया दुनिया में सबसे लंबे बालों का 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड'
बच्चों समेत कई लोगों पर हमला
स्थानीय लोगों के मुताबिक रविवार और सोमवार को तीन लोग कुत्तों के हमले में घायल हुए थे। मंगलवार को चार लोगों को काटा गया, जिनमें स्कूली बच्चे भी शामिल थे। बुधवार को भी तीन बच्चों समेत चार लोगों पर हमला हुआ।
घायलों को अस्पताल ले जाकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि एक संदिग्ध कुत्ते के दूसरे कुत्तों को काटने के बाद इलाके में कई कुत्ते आक्रामक हो गए। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
17 लोगों की टीम संभाल रही मोर्चा
कुत्तों को पकड़ने के अभियान में वन विभाग, पशुपालन विभाग और तहसील के कर्मचारी शामिल हैं। टीम के साथ पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है। पूरे ऑपरेशन की निगरानी SDM यदवीर सिंह कर रहे हैं।
पढ़ें :- Video- बकरा रोज दे रहा है दूध, दूर-दूर से यह अजूबा देखने लोग उत्तराखंड के इस गांव में पहुंच रहें
नारायणबगड़ पशु चिकित्सालय में पशुपालन विभाग ने दो कैंप लगाए हैं। लोगों से अपने पालतू कुत्तों का भी टीकाकरण कराने की अपील की गई है। पशु चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र सिंह बिष्ट के मुताबिक इलाके में अब तक 22 कुत्तों का वैक्सीनेशन हो चुका है। इसके अलावा दो गाय और एक बछड़े को भी टीका लगाया गया है।