Cockroach Cafe: बिहार के नालंदा से एक ऐसा कैफे चर्चा में है, जिसका नाम सुनकर आप भी चौंक जाएंगे। नाम है कॉकरोच कैफे। जी हां हिलसा बाईपास पर खुले इस कैफे ने अपने अनोखे नाम से सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। आमतौर पर कैफे के नाम आकर्षक या स्टाइलिश रखे जाते हैं, लेकिन इस कैफे ने अलग पहचान बनाने के लिए ऐसा नाम चुना है, जिसने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
पढ़ें :- बिहार के 'कनिष्क नारायण' बने ब्रिटेन के पहले 'AI' मंत्री, मुजफ्फरपुर में खुशियों की लहर
हालांकि, कैफे के अंदर का माहौल इसके नाम से बिल्कुल अलग नजर आता है। ब्लैक थीम पर तैयार किए गए इंटीरियर में आकर्षक लाइटिंग, सजावटी पौधे, रंग-बिरंगे फूल और आरामदायक बैठने की व्यवस्था की गई है। युवाओं के लिए यह जगह सेल्फी लेने और दोस्तों के साथ समय बिताने का नया ठिकाना बनती दिखाई दे रही है।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल आखिर कॉकरोच नाम ही क्यों। कैफे संचालक के अनुसार आज के दौर में लोग कुछ अलग और यादगार पसंद करते हैं। इसीलिए भीड़ भरे बाजार में अलग पहचान बनाने के लिए उन्होंने यह नाम चुना। उनका दावा है कि ग्राहकों को आकर्षित करने के बाद उन्हें बेहतर गुणवत्ता और साफ-सफाई के दम पर दोबारा आने के लिए प्रेरित करना ही असली उद्देश्य है।
फिलहाल यहां चाय, कॉफी, मैगी, सैंडविच और कोल्ड ड्रिंक्स जैसी सामान्य कैफे आइटम उपलब्ध हैं, जिनकी कीमतें भी आम लोगों की पहुंच में रखी गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआत में नाम सुनकर उन्हें हैरानी हुई, लेकिन अंदर जाकर माहौल देखकर उनकी राय बदल गई। वहीं कुछ लोगों को यह नाम अटपटा जरूर लगा, लेकिन युवाओं के बीच इसकी चर्चा लगातार बढ़ रही है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स मजाकिया अंदाज में लिख रहे हैं कि अब अगर खाने में कीड़ा निकल आए तो शिकायत करना भी मुश्किल हो जाएगा। वहीं कई लोग इसे जबरदस्त मार्केटिंग आइडिया बता रहे हैं और युवाओं के बीच यह कैफे अब तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
पढ़ें :- सपा सांसद सनातन पांडे का मुख्यमंत्री योगी पर बड़ा आरोप, राममंदिर चोरी का पूरा माल अयोध्या से लेकर लखनऊ आये, उसी पैसे से पश्चिम बंगाल और बिहार का चुनाव जीता
रिपोर्ट-कल्पना पांडेय