1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अयोध्या से पहली सीधी ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस 20 घंटे के सफर कर जनकपुर पहुंची, यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकी

अयोध्या से पहली सीधी ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस 20 घंटे के सफर कर जनकपुर पहुंची, यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकी

अयोध्या से सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह (Prime Minister Balen Shah) ने हरी झंडी दिखाकर सरयू कमला एक्सप्रेस (Saryu-Kamala Express) को रवाना किया था। यह ट्रेन करीब 20 घंटे के सफर में यूपी और बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकी। जनकपुर पहुंचने पर ट्रेन में सवार यात्रियों का स्वागत फूल बरसाकर किया गया।

By santosh singh 
Updated Date

जनकपुर। भगवान राम की नगरी अयोध्या से पहली सीधी ट्रेन मंगलवार सुबह करीब 9.35 बजे माता सीता के जनकपुर धाम स्टेशन (Janakpur Dham Station) पहुंच चुकी है। अयोध्या से सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह (Prime Minister Balen Shah) ने हरी झंडी दिखाकर सरयू कमला एक्सप्रेस (Saryu-Kamala Express) को रवाना किया था। यह ट्रेन करीब 20 घंटे के सफर में यूपी और बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकी। जनकपुर पहुंचने पर ट्रेन में सवार यात्रियों का स्वागत फूल बरसाकर किया गया।

पढ़ें :- Ayodhya Janakpur Train Inauguration : सरयू-कमला एक्सप्रेस 20 मिनट पहले पहुंची गोरखपुर , मोदी-बालेन ने दिखाई थी दिखाई हरी झंडी

पढ़ें :- National Health Report 2023-2024 : 'स्वास्थ्य पर खर्च में सरकारी हिस्सेदारी में यूपी फिसड्डी, उत्तराखंड नंबर-1'

पहले दिन 1158 यात्री इसमें सवार हुए। आम यात्रियों के लिए यह ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।

अयोध्या से शनिवार, जनकपुर से सोमवार को चलेगी ट्रेन

यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी। इसके रास्ते में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन पड़ेंगे। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी और जनकपुर धाम पहुंचेगी।

यह साप्ताहिक ट्रेन होगी। जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए ट्रेन शनिवार को चलेगी, जबकि अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए सोमवार को रवाना होगी। इससे बिहार के मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी के आसपास के इलाकों के लोगों को भी फायदा मिल सकता है। खासकर नेपाल से अयोध्या और यूपी-बिहार के शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह एक नया विकल्प होगा।

जयनगर स्टेशन पर दस्तावेजों की जांच होगी

पढ़ें :- आज अयोध्या-मिथिला की संस्कृतियों का प्राचीन मिलन 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' के माध्यम से हो रहा पुनर्जीवित : सीएम योगी

भारत से नेपाल जाने वाली यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करेगी। ऐसे में सुरक्षा और निर्धारित नियमों के तहत बिहार के जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसी प्रक्रिया के चलते ट्रेन को जयनगर स्टेशन पर लंबा ठहराव दिया गया है। जनकपुर से अयोध्या आने के दौरान यहां एक घंटे और अयोध्या से जनकपुर जाने के दौरान दो घंटे का ठहराव होगा। यात्रियों को सफर के दौरान जरूरी पहचान पत्र और दस्तावेज साथ रखने होंगे।

भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट बनाए जाएंगे। इन चार्ट में यात्रियों की नागरिकता और पहचान पत्र की जानकारी होगी। जांच के लिए ये चार्ट संबंधित अधिकारियों को भी दिए जाएंगे।

17 कोच होंगे, एसी और स्लीपर की सुविधा मिलेगी

जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में कुल 17 कोच होंगे। इनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच शामिल होंगे। एसी श्रेणी में थर्ड एसी के 6 और सेकेंड एसी के 2 कोच होंगे। बाकी 2 कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री जैसी सुविधाओं के लिए होंगे।

ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल श्रेणी का कोच नहीं होगा। रेलवे के नियमों के मुताबिक, इसमें आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी नहीं रखी गई है। यानी यात्री केवल कन्फर्म टिकट पर ही सफर कर सकेंगे। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से किसी कोटे की व्यवस्था भी नहीं होगी। फिलहाल ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है। थर्ड एसी, सेकेंड एसी और स्लीपर श्रेणी के किराये की जानकारी भी सामने नहीं आई है।

रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

पढ़ें :- सऊदी से लौटा वाहिद अंसारी मुठभेड़ में ढेर, पूर्वांचल में फैलाया जुर्म का जाल, 10 साल में दर्ज हुए 35 केस

अयोध्या और जनकपुर का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व दोनों देशों को जोड़ता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अयोध्या भगवान राम की जन्मस्थली है, जबकि जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली है। रामायण में जनकपुर को राजा जनक की नगरी बताया गया है। यहीं भगवान राम और माता सीता का विवाह हुआ था।

नई ट्रेन सेवा से दोनों शहरों के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा रास्ते में पड़ने वाले बिहार और उत्तर प्रदेश के शहरों में भी पर्यटन से जुड़े कारोबार को फायदा मिल सकता है। होटल, दुकान, परिवहन और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं। भारत और नेपाल के बीच इस रेल सेवा को रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों को आपस में जोड़ने की बड़ी पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...