नई दिल्ली। केरलम में वीडी सतीशन (V.D. Satheesan) राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे । कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को प्रेस वार्ता के माध्यम से इनके नाम की घोषणा की । मालूम हो कि, 4 मई को परिणाम आने के बाद से सीएम के नाम को लेकर कई अटकलें चल रही थी। इसको लेकर आज अंतिम निर्णय ले लिया गया।
पढ़ें :- केरल के मुख्यमंत्री के नाम का कल हो जाएगा एलान, कई दौर की बैठक के बाद नाम पर लगी मुहर
नतीजे आने के बाद 10 दिन बाद उनके नाम पर सहमति बन सकी और इसके साथ ही लंबी खींचतान का अंत हो गया। कांग्रेस का यह फैसला अहम है क्योंकि मुख्यमंत्री बनने की रेस में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के करीबी नेता केसी वेणुगोपाल भी थे। इस मसले पर तिरुअनंतपुरम से लेकर दिल्ली तक बैठकों का लंबा दौर चला और उसके बाद ही यह फैसला हो सका है। तिरुअनंतपुरम में बीते सप्ताह ही विधायकों की मीटिंग लेने अजय माकन और मुकुल वासनिक पहुंचे थे। इस बैठक में उन्होंने विधायकों के अलावा अन्य नेताओं से भी राय ली थी। फिर दिल्ली में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ केरल के नेताओं की कई दौर की मीटिंग हुई थी।
अंत में सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से भी सलाह ली गई और फिर सीएम का ऐलान किया गया है। 61 साल के वीडी सतीशन (V.D. Satheesan) को लेकर कहा जा रहा था कि उन्हें केरल कांग्रेस के लोग काफी पसंद करते हैं। इसके अलावा नेता विपक्ष के तौर पर उनका केरल विधानसभा में जैसा काम था, उसकी भी सराहना की गई थी। यही नहीं विपक्ष में रहने के दौरान वह सड़कों पर भी प्रदर्शन करने में आगे रहे थे। इसके चलते यह राय बनी थी कि सड़क से सदन तक उन्होंने विपक्षी नेता के तौर पर अच्छी भूमिका निभाई थी। माना जा रहा है कि केरल के संगठन में पकड़ का फायदा वीडी सतीशन को मिला है।
कांग्रेस के लिए यह फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि केसी वेणुगोपाल (K.C. Venugopal) मुकाबले में थे और उन्हें राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। फिर भी फैसला वीडी सतीशन (V.D. Satheesan) के पक्ष में हुआ तो यह महत्वपूर्ण है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि वीडी सतीशन (V.D. Satheesan) को भी राहुल गांधी पसंद करते हैं और इसके अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का समर्थन भी सतीशन के साथ था। कांग्रेस की ओर से केरल का सीएम चुन लिए जाने के बाद उस खींचतान का अंत हो गया, जिसके चलते केरल में अस्थिरता की आशंका भी जताई जाने लगी थी।
कर्नाटक वाला हाल होने की जताई जा रही थी आशंका
पढ़ें :- राहुल गांधी, बोले- नेता विपक्ष रबर स्टैंप नहीं, CBI डायरेक्टर सिलेक्शन पर जताई असहमति, कहा उम्मीदवारों की नहीं दी डिटेल
इससे पहले भी राजस्थान और कर्नाटक जैसे राज्यों में कांग्रेस में जिस तरह मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान रही है, उसे देखते भी चिंता जताई जा रही थी। अब ऐसी आशंकाएं वीडी सतीशन (V.D. Satheesan) के नाम के ऐलान के साथ ही खत्म हो गई हैं। बता दें कि केरल में कई शहरों में वीडी सतीशन (V.D. Satheesan) के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किए थे। अब तक यह जानकारी नहीं मिली है कि केरल में कोई डिप्टी सीएम भी बनाया जाएगा या फिर नहीं। माना जा रहा है कि अगले एक से दो दिन में पूरी डिटेल मिल जाएगी और शपथ की तारीख का भी ऐलान किया जाएगा।