नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके 14 नवंबर को एक कम दाब के क्षेत्र और 15 नवंबर को डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद, उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और 16 नवंबर की शाम के आसपास मध्य बंगाल के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इस तरह से पिछले कुछ दिनों में आया यह तीसरा चक्रवाती तूफान होगा। इसकी वजह से कई राज्यों में भारी बारिश होने वाली है। वहीं, आंधी तूफान की भी चेतावनी जारी की गई है।
पढ़ें :- जम्मू में बारिश का कहर, सड़कें बनीं दरिया, घरों में घुसा गंदा पानी
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान की वजह से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा जैसे राज्यों में भारी बारिश होगी। दक्षिण भरत की बात करें तो 13-15 नवंबर और 16-19 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, 13-15 नवंबर के बीच केरल, माहे, 13-19 नवंबर के बीच लक्षद्वीप, 14-19 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में बारिश होगी। 15 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, 16-19 नवंबर के बीच केरल और माहे में काफी भारी बारिश होने जा रही है। 18-19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेशन, यनम में भारी बरसात होगी।
यूपी में कहां होगी बारिश, क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?
उत्तर प्रदेश में शनिवार को मौसम का असर सभी इलाकों में एक जैसा नहीं रहेगा। IMD के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 14 और 15 नवंबर को हल्की बारिश या छिटपुट बारिश हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए दिए गए इस पूर्वानुमान में शनिवार को किसी बड़े बारिश अलर्ट का जिक्र नहीं है। यानी लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और आसपास के इलाकों में बारिश को लेकर फिलहाल कोई व्यापक चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि, पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश में तापमान में बदलाव और सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
वहीं, पूर्वी भारत की बात करें ते मौसम विभाग के अनुसार, 13-19 नवंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप में काफी व्यापक से भारी बारिश होगी। 18-19 नवंबर के दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, ओडिशा में बारिश होगी। 13-17 नवंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने वाली हैं। इसके अलावा, 18-19 नवंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप, 19 नवंबर को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में तेज हवाएं चलने वाली हैं। 13-16 नवंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 18-19 नवंबर को ओडिशा में भारी बरसात होगी।
पढ़ें :- मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी! देश के 18 राज्यों में भारी बारिश का 'हाई अलर्ट', जानिए अपने राज्य का हाल
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब में भी होगी भारी बारिश
वहीं, उत्तर पश्चिम भारत की बात करें तो 13 नवंबर को जम्मू कश्मीर, लद्दाख में काफी व्यापक बारिश होगी। 14-15 नवंबर के दौरान जम्मू कश्मीर, लद्दाख, 13-15 नवंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में छिटपुट बारिश होगी। 13-14 नवंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, 14-15 नवंबर के दौरान पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, 15 नवंबर को पूर्वी राजस्थान में बारिश होगी।
कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी
कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में रातभर मध्यम से भारी बारिश हुई जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की सूचना है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पर्यटन स्थल गुलमर्ग और सोनमर्ग समेत कई स्थानों पर रात के दौरान बर्फबारी हुई। इसके अलावा गुरेज और कुपवाड़ा के ऊपरी इलाकों के साथ-साथ जोजिला दर्रे और दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से गुजरने वाले मुगल रोड पर भी बर्फबारी की सूचना है। अधिकारियों ने बताया कि यातायात बहाल करने के लिए प्रशासन ने विभिन्न महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हुई, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बारामूला में 49.5 मिलीमीटर, गुलमर्ग में 40.6 मिलीमीटर और कुपवाड़ा में 37.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार, मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है, लेकिन अगले 24 घंटों के दौरान छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि 15 से 21 नवंबर तक मौसम के सामान्यत: शुष्क रहने के आसार हैं।