Cyclone Arnab Landfall : आंध्र प्रदेश के तट पर बुधवार को ‘अर्नब’ नामक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान के टकराने (लैंडफॉल) की प्रक्रिया जारी रही है। तूफान का केंद्र यनम-नरसापुर तट के बीच काफी करीब बना रहा। इस प्रक्रिया के अगले तीन घंटे तक जारी रहने का अनुमान था। अधिकारियों ने एहतियाती कदम बढ़ाए जाने के कारण, मंगलवार और बुधवार को कम से कम 91 ट्रेनें और 21 उड़ानें रद्द कर दी गईं। राज्य भर में 84,396 लोगों को सुरक्षित स्थानों (शेल्टर) पर पहुंचाया गया है।
पढ़ें :- Cyclone Arnab : सावधान! आ रहा तबाही का तूफान ‘अर्नब’, यूपी में चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
IMD विशाखापत्तनम के निदेशक डॉ. PLN मूर्ति के अनुसार, “यह अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान अभी यानम और नरसापुर के बीच के तट पर मौजूद है। इसकी गति 125 से 135 किमी प्रति घंटा है, और हवा के झोंके 145 किमी प्रति घंटा तक पहुँच रहे हैं, जैसा कि अनुमान लगाया गया था। तट से टकराने (लैंडफॉल) के बाद, इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है। इस दौरान हवा की गति धीरे-धीरे कम होगी और तूफान कमजोर पड़ता जाएगा। इस तूफान के कारण आज शाम तक बारिश का जोर बना रहेगा। इसके बाद बारिश और हवा की तीव्रता कम हो जाएगी, और हवा की गति धीरे-धीरे घटने लगेगी।
आज बापटला से श्रीकाकुलम तक बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान हवा की गति 115-125 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो झोंकों में 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. लैंडफॉल पूरा होने के बाद अर्नब भूमि पर प्रवेश कर कमजोर पड़ना शुरू करेगा। इस भीषण तूफान के तट से टकराने के समय, काकीनाडा के पास सामान्य ज्वार (एस्ट्रोनॉमिकल टाइड) के ऊपर लगभग 2 मीटर ऊँची तूफानी लहरें (स्टॉर्म सर्ज) देखी जा रही हैं। फिलहाल, सबसे अधिक बारिश विशाखापत्तनम में 22 सेमी से ज्यादा, कलिंगपट्टनम में 18 सेमी से ज्यादा, काकीनाडा में 15 सेमी से ज्यादा और मछलीपट्टनम में 13 सेमी से ज्यादा दर्ज की गई है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, यह प्रचंड चक्रवाती तूफान अर्नब उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की ओर बढ़ेगा। आंध्र प्रदेश के तटीय और आंतरिक जिलों से गुजरते हुए यह तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। फिर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से गुजरते हुए यूपी पहुंचेगा। लेकिन, रास्ते में ये कमजोर होता जाएगा। ये पहले गंभीर चक्रवाती तूफान, फिर चक्रवाती तूफान, डीप डिप्रेशन और अंत में डिप्रेशन या लो प्रेशर एरिया में बदल जाएगा।
चक्रवाती तूफान अर्नब, यूपी के लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे क्षेत्रों के आसपास कमजोर होकर समाप्त हो सकता है। 30 अक्टूबर के आसपास यह 27-30 kmph की गति वाला सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र बनकर पूर्वी यूपी या मध्य यूपी हिस्सों में विलीन हो सकता है।