बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग आज यानी 18 नवंबर 2026 की सुबह जारी बुलेटिन के मुताबिक, तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकराने की काफी आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं इसके तेज झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने का अनुमान है।
नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग आज यानी 18 नवंबर 2026 की सुबह जारी बुलेटिन के मुताबिक, तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकराने की काफी आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं इसके तेज झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर की सुबह साढ़े पांच बजे चक्रवात का केंद्र चेन्नई से लगभग 580 किलोमीटर पूर्व और आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से करीब 610 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह तूफान 20 नवंबर को नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तटीय इलाके को भी पार कर सकता है।
बता दें कि इस चक्रवात के प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 19 और 20 नवंबर को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं, 20 नवंबर को रायलसीमा और 20 से 21 नवंबर के दौरान तेलंगाना में भी व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है।
तूफान के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तटीय इलाकों में जलभराव का खतरा भी जताया गया है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, समुद्र का पानी सामान्य ज्वार के स्तर से लगभग 0.4 से 1.2 मीटर ऊपर उठकर आंध्र प्रदेश के कुछ निचले इलाकों में प्रवेश कर सकता है। पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा, विशाखापत्तनम, प्रकाशम, बापटला और कृष्णा जिले के निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने और लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।
फिलहाल, अगामी 20 नवंबर को तूफान के तट से टकराने का अनुमान है। हालांकि, इसकी दिशा और तीव्रता में बदलाव काफी संभव है। ऐसे में तटीय इलाकों के लोगों को अगले मौसम बुलेटिन पर नजर रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।