नई दिल्ली। अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ बढ़ती नस्लीय नफरत पर अब न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी (New York Mayor Zohran Mamdani) ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। हिंदुओं और सिखों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए ममदानी ने दो टूक कहा कि नफरत फैलाने वालों को रोकना और ऐसी सोच को समाज से बाहर करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यहां तक कहा कि जिस नफरत को कभी समाज के हाशिये पर माना जाता था, वह अब राजनीतिक अभियानों का हिस्सा बनती जा रही है।
पढ़ें :- 1400 करोड़ी रामायण का नया गाना रिलीज, आंखें बंद करते ही अलग दुनिया में ले जाएगा 'रघुनंदन' का भक्ति गीत
ममदानी ने इस दौरान हिंदू महाकाव्य रामायण और महाभारत (Mahabharata) का भी जिक्र किया। साथ ही हिंदू धर्म की जमकर तारीफ की। उन्होंने ये बातें मंगलवार को न्यूयॉर्क में आयोजित दिवाली समारोह (Diwali Celebrations) के दौरान कहीं। ममदानी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका के 13 सांसदों ने सिएटल में दिवाली (Diwali) के एक कार्यक्रम में बाधा डालने की घटना को संभावित हेट क्राइम मानते हुए जांच की मांग की है। इस कार्यक्रम में दो दक्षिणपंथी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने कथित तौर पर खलल डाला था।
Zohran Mamdani praises the Hindu epics:
“The Ramayana shows us the brother, wife, husband and friend we desire to be. The Mahabharata shows us what families are really like, where even the bravest heroes and wisest gods stumble..” https://t.co/qEBUhRUMOS
— Shashank Mattoo (@MattooShashank) November 17, 2026
पढ़ें :- रामपथ पर साकार हुई रामायण, ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमी अयोध्या
दिवाली समारोह (Diwali Celebrations) को संबोधित करते हुए ममदानी ने पिछले 12 महीनों में हिंदुओं और सिखों के खिलाफ हुई नफरत से जुड़ी कई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीते एक साल में हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया। यहां तक कि अमेरिकी केंद्र सरकार के शीर्ष स्तर पर बैठे नेताओं ने भी सिख समुदाय को निशाना बनाया है।
उन्होंने कहा कि हमने देखा है कि जिस नफरत को कभी समाज के हाशिये तक सीमित माना जाता था, वह अब राज्य स्तर के चुनावी अभियानों के केंद्र में पहुंच गई है।” ममदानी ने लोगों से नफरत और विभाजन की राजनीति को खारिज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में नफरत के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
दिवाली से जुड़ी अपनी यादें भी कीं साझा
अमेरिका के सबसे अधिक आबादी वाले शहर न्यूयॉर्क के पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर ममदानी ने समारोह में दिवाली से जुड़ी अपनी व्यक्तिगत यादें भी शेयर कीं। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह जीवनभर का सम्मान और सौभाग्य है कि वह न्यूयॉर्क के पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर के तौर पर अपने शहर के लोगों के साथ दिवाली मना रहे हैं। ममदानी ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार के साथ बचपन से दिवाली मनाई है। अब मेयर के रूप में पूरे शहर के साथ इस त्योहार को मनाना उनके लिए एक खास अनुभव है। उनकी मां मीरा नायर पंजाबी हिंदू पृष्ठभूमि से आती हैं।
पढ़ें :- राजा बलि का महल छोड़ इंद्र के पास क्यों चली गई थीं मां लक्ष्मी? महाभारत में छिपा है बड़ा रहस्य
रामायण और महाभारत का भी किया जिक्र
35 वर्षीय ममदानी ने हिंदू धर्म के प्राचीन महाकाव्यों रामायण और महाभारत के प्रति अपना सम्मान भी जाहिर किया। उन्होंने कहा कि रामायण हमें सिखाती है कि हमें कैसा भाई, पत्नी, पति और दोस्त बनना चाहिए। ममदानी ने कहा,कि रामायण हमें दिखाती है कि हमें कैसा भाई, पत्नी, पति और दोस्त बनना चाहिए। महाभारत हमें दिखाती है कि परिवार असल में कैसे होते हैं, जहां सबसे बहादुर नायक और सबसे ज्ञानी देवता भी लड़खड़ा जाते हैं। महाभारत हमें सिखाती है कि इंसान की निष्ठा से ऊपर उसका धर्म होना चाहिए।” ममदानी ने कहा,कि बचपन से ही, मेरी मां के परिवार ने मुझे सिखाया कि हिंदू धर्म में कितनी सुंदरता और समझदारी है। यह एक ऐसा धर्म है जिसके प्राचीन ग्रंथों में कहा गया है कि सत्य तक पहुंचने के कई रास्ते हैं।
दुर्गा पूजा के दौरान भी जताई थी चिंता
ममदानी इससे पहले भी अमेरिका में दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ बढ़ती नफरत को लेकर आगाह कर चुके हैं। दुर्गा पूजा के एक कार्यक्रम में उन्होंने इलिनोइस के एक हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की कोशिश का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि हिंदू-अमेरिकी समुदाय के लोगों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में रहने तथा अपने धर्म का पालन करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी व्यक्ति अपने धर्म के कारण डर के माहौल में न रहे।
13 अमेरिकी सांसदों ने की सिएटल की घटना की जांच की मांग
इस बीच, मंगलवार को सार्वजनिक किए गए एक संयुक्त पत्र में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के 13 सांसदों ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से सिएटल में दिवाली कार्यक्रम को बाधित करने की घटना की जांच करने की मांग की। सांसदों ने यह पता लगाने को कहा कि क्या दो दक्षिणपंथी इन्फ्लुएंसर्स की इस हरकत को संघीय स्तर पर हेट क्राइम माना जा सकता है।
पढ़ें :- रामायण का लॉस एंजिलिस के एकेडमी थिएटर में वर्ल्ड प्रीमियर, दर्शकों ने बताया भव्य सिनेमाई अनुभव
इस पत्र पर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सभी छह भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। सांसदों ने ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें एफबीआई निदेशक काश पटेल भी शामिल हैं, से दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ नफरत रोकने की रणनीतियों पर जानकारी देने को कहा है।
सोशल मीडिया पर भारतीयों के खिलाफ नफरत भरे पोस्ट के 5.42 लाख से ज्यादा मामले
सांसदों ने अपने पत्र में सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ ऑर्गेनाइज्ड हेट की सितंबर 2026 की एक स्टडी का हवाला दिया। इसके मुताबिक, जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाले 5.42 लाख से अधिक पोस्ट की पहचान की गई।
पत्र में यह भी कहा गया कि 2025 के बाद से अमेरिका में हर चार में से एक भारतीय-अमेरिकी को नस्लीय अपशब्दों का सामना करना पड़ा है। वहीं, करीब हर पांच में से एक भारतीय-अमेरिकी ने सार्वजनिक जगहों पर भारतीय पहनावा पहनने से परहेज किया है। सांसदों ने इन आंकड़ों का हवाला देते हुए दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत पर गंभीर चिंता जताई और इसे रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई।