बेंगलुरू: कर्नाटक विधानसभा में बेंगलुरु की बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे शहरी विस्तार पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की एक टिप्पणी ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। शिवकुमार ने शहर में लगातार बढ़ रही आबादी का जिक्र करते हुए दावा किया कि राज्य के करीब एक दर्जन विधायक ऐसे हैं जिनकी दो शादियां हुई हैं।मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने उनसे सीधे तौर पर उन विधायकों के नाम सार्वजनिक करने को कहा है। विपक्ष का सवाल है कि अगर मुख्यमंत्री के पास ऐसी जानकारी है तो उन्हें संबंधित विधायकों की पहचान भी बतानी चाहिए।
पढ़ें :- “इस्लाम सबसे महान,” कर्नाटक मंत्री के बयान पर बीजेपी का पलटवार—माफी मांगो या इस्तीफा दो!
‘बेंगलुरु आने वाले वापस नहीं जाते’
विधानसभा में शिवकुमार ने कहा कि बेंगलुरु में बाहर से आने वाले लोग यहां बस जाते हैं और वापस नहीं लौटते। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि करीब 12 विधायक दो शादियां कर चुके हैं और जरूरत पड़ने पर वह उनकी सूची भी दे सकते हैं। उनके इस बयान के बाद सदन में मुद्दा आबादी से हटकर विधायकों की कथित दूसरी शादियों पर आ गया। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के दावे को लेकर उनसे नाम बताने की मांग शुरू कर दी।
12 साल में करीब 40 लाख बढ़ी आबादी
बेंगलुरु की जनसंख्या में पिछले वर्षों में तेज बढ़ोतरी हुई है। 2011 की जनगणना में शहर की आबादी करीब 96 लाख दर्ज की गई थी। वहीं, केंद्रीय भूजल बोर्ड की 2023 की रिपोर्ट में शहर की आबादी का अनुमान करीब 1.36 करोड़ बताया गया।
पढ़ें :- प्रकाश राज का दावा- SIR में वोटर लिस्ट से उनका नाम कटा, बोले- कौन-कौन से दस्तावेज दिखाने पड़ेंगे
यानी उपलब्ध दोनों आंकड़ों की तुलना करें तो लगभग 12 वर्षों के दौरान बेंगलुरु की आबादी करीब 40 लाख बढ़ी दिखाई देती है। विधानसभा में शिवकुमार इसी तेजी से बदलते शहर और बढ़ते शहरी दबाव की बात कर रहे थे, लेकिन उनकी ‘दो शादियों’ वाली टिप्पणी अब चर्चा का केंद्र बन गई है।
भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री से यह स्पष्ट करने की मांग की जा रही है कि उन्होंने जिन करीब 12 विधायकों का जिक्र किया, वे कौन हैं। अब देखना यह है कि शिवकुमार अपने दावे के समर्थन में नाम सामने रखते हैं या नहीं।