पटना। बिहार में एक बार फिर से जहरीली शराब ने अपना कोहराम मचाया है। बिहार में शराब बंदी के बाद भी धड़ल्ले से शराब की बिक्री हो रही है और लोग जमकर शराब पी रहे है। मोतिहारी जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग अस्पताल में जिदंगी और मौत से लड़ रहे है। जहरीली शराब पीने से कई लोगों की आंखों की रोशनी तक जा चुकी है। वहीं इस शराब कांड के बाद से पूरे इलाके में खौफ का माहौल है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छह लोग अभी अस्पताल में भर्ती है और सात लोग इलाज के बाद अपने घर वापस जा चुके है।
पढ़ें :- मोतिहारी में जहरीली शराब से 4 की मौत, तेजस्वी यादव बोले- शराबबंदी माफियाओं व भ्रष्ट तंत्र के लिए बन गया है कमाऊ पूत
शराब कांड पर मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि परसौना पंचायत के चौकीदार भरत राय को निलंबित कर दिया है। वहीं मृतक प्रमोद यादव के परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया हैं। शराब कांड के इस मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता नागा राय को हिरासत में ले लिया है। पुलिस लगातार उस से पूछताछ कर रही है। वहीं मामले का खुलासा करने के लिए सदर डीएसपी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है। साइबर डीएसपी और DIU टीम को भी शामिल किया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक इस जहरीली शराब को दो दर्जन से अधिक लोगों ने पिया था। पुलिस के डर के कारण कई लोग चोरी-छुपे इलाज करवा रहे हैं। बता दे कि लगभग दो साल पहले इसी इलाके के पांच थाना क्षेत्रों तुरकौलिया, हरसिद्धि, पहाड़पुर, सुगौली और रघुनाथपुर में जहरीली शराब कांड में 42 लोगों की मौत हुई थी। फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। सवाल यही है क्या इस बार भी इस काले धंधे के पीछे छिपे असली चेहरे बेनकाब होंगे या फिर साजिश का यह जहर यूं ही जिंदगियां लीलता रहेगा?