चेन्नई। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन ने साउथ जोन के सामने पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया है। ईस्ट जोन के 708 रन के जवाब में मंगलवार को तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक साउथ जोन ने 6 विकेट गंवाकर 242 रन बनाए। टीम अभी ईस्ट जोन से 466 रन पीछे है। बुधवार को मुकाबले का चौथा दिन सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।
पढ़ें :- ICC T20I रैंकिंग पर ईशान पहले स्थान पर कायम, श्रेयस ने 7 स्थान की छलांग लगाई: सिकंदर रजा ODI नंबर 1 ऑलराउंडर से चूके
साउथ जोन की पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रिकी भुई महज एक रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद नारायण जगदीशन और देवदत्त पडिक्कल ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 60 रन की साझेदारी हुई, लेकिन जगदीशन 32 रन पर आउट हो गए।
पडिक्कल ने इसके बाद शेख रशीद के साथ मिलकर 56 रन जोड़े। रशीद 27 रन बनाकर आउट हुए और कुछ देर बाद पडिक्कल की 62 रन की पारी भी खत्म हो गई।
तिलक वर्मा ने संभाली पारी
लगातार विकेट गिरने के बीच कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने रविचंद्रन स्मरण के साथ पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। स्मरण 23 रन बनाकर आउट हुए।
पढ़ें :- जयंत चौधरी से मोहम्मद शमी ने की मुलाकात, तस्वीर वायरल होते ही चढ़ा सियासी पारा, क्या क्रिकेटर अमरोहा से नई पारी का करेंगे आगाज?
इसके बाद तिलक ने श्रेयस गोपाल के साथ 66 रन की साझेदारी कर टीम को और संकट में जाने से रोका। दिन का खेल खत्म होने तक तिलक वर्मा 56 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं, जबकि चामा मिलिंद 2 रन पर उनका साथ दे रहे हैं।
ईस्ट जोन की तरफ से मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने दो-दो विकेट लिए हैं। शिखर मोहन को एक सफलता मिली।
ईशान ने वैभव की बात मानकर लिया रिव्यू
तीसरे दिन साउथ जोन की पारी के दौरान एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला। मुकेश कुमार की गेंद पर रिकी भुई के खिलाफ कैच की अपील हुई। गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ईशान किशन के दस्तानों में पहुंची थी।
ईशान रिव्यू लेने को लेकर असमंजस में थे। इसी दौरान ईस्ट जोन के उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी ने उन्हें रिव्यू लेने का इशारा किया। कप्तान ने उनकी बात मान ली और थर्ड अंपायर की जांच के बाद भुई को आउट करार दिया गया।
पढ़ें :- वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिला मौका? कोच गंभीर बोले- खिलाड़ी 15 का हो या 30 का मौके का इंताजार करना होगा
ईस्ट जोन ने पहली पारी में बनाए 708 रन
इससे पहले ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में विशाल 708 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 270 रन ठोके। उन्होंने 334 गेंदों की पारी में 30 चौके और 7 छक्के लगाए।
कुमार कुशाग्र ने 101 रन बनाए, जबकि शिखर मोहन ने 85 और अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन का योगदान दिया। वैभव सूर्यवंशी ने भी तेजी से रन बनाते हुए सिर्फ 37 गेंदों में 44 रन जोड़े।
साउथ जोन के गेंदबाजों में त्रिपुराना विजय सबसे सफल रहे और उन्होंने चार विकेट अपने नाम किए। चामा मिलिंद तथा श्रेयस गोपाल को दो-दो विकेट मिले, जबकि शेख रशीद को एक सफलता मिली। मोहम्मद सिराज पहली पारी में कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।
अब मैच का रुख काफी हद तक साउथ जोन की अगली पारी पर निर्भर करेगा। ईस्ट जोन के पास फिलहाल 466 रन की बढ़त है और साउथ जोन के सामने सबसे पहले इस अंतर को कम करने की चुनौती है।