Train Viral Video: राजस्थान में श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही सुपरफास्ट ट्रेन में शुक्रवार सुबह दो अग्निवीरों और महिला टिकट निरीक्षक (TTE) के बीच विवाद हो गया। दरअसल, ट्रेन में टिकट जांच के दौरान जनरल कोच में सफर कर रहे दो अग्निवीरों के पास टिकट नहीं मिली। इसके बाद महिला टीटीई ने दोनों से पेनल्टी भरने को कहा, लेकिन इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पढ़ें :- अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस में आग से मचा हड़कंप, यात्रियों को सुरक्षित निकालने का अभियान जारी
वायरल वीडियो में महिला टीटीई दोनों जवानों से बिना टिकट यात्रा करने पर पेनल्टी भरने को कहती हैं। इस पर अग्निवीर चालान भरने के बजाय टिकट बनाने की बात कहते सुनाई देते हैं। उनका कहना है कि टिकट काट दीजिए, लेकिन चालान नहीं भरेंगे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो जाती है।
मामला उस समय और बढ़ गया, जब महिला टीटीई टैब की मदद से जवानों की तस्वीर लेने की कोशिश करती हैं। इस दौरान एक अन्य टीटीई भी वहां पहुंचता है और दोनों अग्निवीरों को समझाने की कोशिश करता है। लेकिन विवाद थमता नजर नहीं आता। जवाब में जवान भी महिला टीटीई का वीडियो रिकॉर्ड करने लगते हैं। बहस के दौरान महिला कर्मचारी जवानों से यह भी कहती सुनाई देती हैं कि आपकी नौकरी पर आ जाएगी।
पढ़ें :- नवरत्न BEML की बड़ी कामयाबी, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से जुड़ा ₹5,400 करोड़ का ऑर्डर
इस पूरे घटनाक्रम को ट्रेन में मौजूद किसी यात्री ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों की राय भी बंटी हुई है। कुछ लोग महिला टीटीई का समर्थन करते हुए कह रहे हैं कि वह सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रही थीं और रेलवे के नियम सभी यात्रियों पर समान रूप से लागू होते हैं। वहीं, कुछ यूजर्स का कहना है कि अग्निवीरों के साथ बातचीत करते समय सम्मान और संयम का ध्यान रखा जाना चाहिए। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।