Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. स्कूल बैग से किताबों की जगह निकलने लगे कट्टे और कारतूस, वायरल वीडियो ने मचाई सनसनी

स्कूल बैग से किताबों की जगह निकलने लगे कट्टे और कारतूस, वायरल वीडियो ने मचाई सनसनी

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Aligarh Viral Video: अलीगढ़ के क्वार्सी इलाके में नेशनल इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा स्कूल बैग से अवैध हथियार निकालने का चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किताबों और कॉपियों की जगह बैग से देशी कट्टे और कारतूस निकाले जा रहे हैं। यह वीडियो कक्षा के अंदर ही शूट किया गया प्रतीत होता है। लाल यूनिफॉर्म में दिख रहे छात्र बैग खोलकर कट्टे निकालते नजर आ रहे हैं। कुछ फ्रेम में हथियार टेबल पर रखे हुए भी दिख रहे हैं।

पढ़ें :- लखीमपुर: अलग-अलग पेड़ों पर लटके मिले विवाहिता और एक युवक का शव, प्रेम प्रसंग की चर्चा

वीडियो के वायरल होते ही पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतने कम उम्र के छात्रों तक अवैध हथियार कैसे पहुंच रहे हैं?वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के तुरंत बाद अलीगढ़ पुलिस ने त्वरित प्रतिक्रिया दी। आधिकारिक हैंडल @aligarhpolice ने बताया कि स्थानीय पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस की टीम घटना की गहराई से जांच कर रही है। छात्रों से पूछताछ, हथियारों की जब्ती और इनके स्रोत का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।शिक्षाविदों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक स्कूल तक सीमित नहीं है।

 

युवाओं में हथियारों के प्रति बढ़ता आकर्षण और अवैध हथियारों की आसान उपलब्धता चिंता का विषय बन गई है। कई लोग स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठा रहे हैं कि बैग चेकिंग व्यवस्था कितनी प्रभावी है।

फिलहाल अभी तक स्कूल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी कि हथियार छात्रों के पास कैसे पहुंचे, क्या यह किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या सिर्फ दिखावे के लिए रखे गए थे। यह घटना बाल सुरक्षा और स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अभिभावक और शिक्षा विभाग दोनों को अब सतर्क रहने की जरूरत है।

पढ़ें :- रिंकू सिंह का पालतू डॉगी लापता, CCTV में पार्क की ओर जाता दिखा; बहन ने वीडियो बना के मांगी मदद
Advertisement