Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दुनिया
  3. दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट सऊदी अरब में उतरी, हाइजैक होने की आशंका? मचा हड़कंप

दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट सऊदी अरब में उतरी, हाइजैक होने की आशंका? मचा हड़कंप

By Harsh 
Updated Date

डिजिटल डेस्क, पर्दाफाश।  दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक यात्री उड़ान बुधवार को अचानक अपने तय रास्ते से हट गई और सऊदी अरब पहुंच गई। विमान से इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद इजरायल में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। कुछ समय के लिए विमान के संभावित हाईजैक होने की आशंका भी पैदा हुई। हालांकि बाद में इजरायली अधिकारियों के हवाले से सामने आया कि इसे हाईजैकिंग की घटना नहीं माना जा रहा है। विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं।

पढ़ें :- प्लेन में पायलटों का झगड़ा और सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग, फिर इजरायल को भेजने पड़े लड़ाकू विमान

इमरजेंसी कोड के बाद बदला रास्ता

रिपोर्टों के मुताबिक फ्लाइट ने पहले सामान्य आपात स्थिति वाला 7700 कोड प्रसारित किया और इसके बाद 7500 कोड सामने आया, जिसे विमान के अपहरण या अवैध हस्तक्षेप से जुड़े अलर्ट के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। इसी वजह से मामले ने गंभीर रूप ले लिया और इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमान भी सक्रिय किए गए।

विमान ने तेल अवीव की ओर बढ़ने के बजाय अपना रुख सऊदी अरब की तरफ कर लिया। इसके बाद वह तबुक में सुरक्षित उतर गया। विमान में यात्रियों की संख्या को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं इसलिए फिलहाल सटीक आधिकारिक संख्या स्पष्ट नहीं है।

पायलटों के विवाद से जुड़ा मामला?

घटना की वजह को लेकर शुरुआती जानकारी और बाद की रिपोर्टों में अंतर रहा है। AP और कई इजरायली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विमान के दोनों पायलटों के बीच विवाद के दौरान इमरजेंसी अलर्ट सक्रिय हुआ था। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि विमान कंपनी या संबंधित विमानन प्राधिकरण की ओर से नहीं की गई है।

घटना के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। विमान की दिशा बदलने और आपात संकेत मिलने के बाद पूरे मामले पर नजर रखी गई।

Advertisement